बिग बॉस फेम और स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह तारीफ नहीं बल्कि कड़ी आलोचना है। उनके एक शो में सामने आए '370 रुपये की बिरयानी' वाले किस्से ने सोशल मीडिया पर भारी बवाल मचा दिया है। इस घटना के बाद से प्रणित लगातार ट्रोलिंग का शिकार हो रहे हैं और अब मनोरंजन जगत की कई हस्तियां भी उन पर और उनके शो पर खुलकर नाराजगी जता रही हैं।
दिवंगत अभिनेता इरफान खान की पत्नी सुतापा सिकदर से लेकर कुशा कपिला, एल्विश यादव और साक्षी शिवदसानी तक ने इस '370 रुपये की बिरयानी' वाले कमेंट पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
आखिर क्या है पूरा मामला
दरअसल, हाल ही में प्रणित मोरे के शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें 23 साल के हिमांशु जांगरा नाम के युवक ने अपनी डेट का किस्सा सुनाते हुए दावा किया कि उसने एक महिला को 370 रुपये की चिकन बिरयानी खिलाई थी। हिमांशु के अनुसार, बिरयानी पर 370 रुपये खर्च करने के बाद उसे उम्मीद थी कि इस 'इन्वेस्टमेंट' के बदले उसे कुछ मिलेगा, और उसका इशारा शारीरिक संबंध की ओर था।
उसने आगे कहा कि महिला ने खाना खाने के बाद उसे घर छोड़ने के लिए कहा, जिससे वह हैरान रह गया और बोला कि जब 370 रुपये लगे हैं तो वसूल तो करूंगा ही। मजाक-मजाक में कही गई इस बात की कीमत हिमांशु को चुकानी पड़ी और उसे अपनी नौकरी तक गंवानी पड़ गई।
सुतापा सिकदर का तीखा सवाल
इस पूरे विवाद के बाद प्रणित मोरे ने माफी भी मांगी, लेकिन लोग उन्हें माफ करने के मूड में बिलकुल नहीं हैं। सुतापा सिकदर ने प्रणित के माफीनामे पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत में रेप के मामलों से जुड़े डेटा और आंकड़े साझा किए और बार-बार माफ करते रहने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़ा किया।
क्या महिलाओं को माफ कर देना चाहिए? हमेशा? क्यों? माफी?? दर्शकों में मौजूद और भी विकृत सोच वाले लोगों से और हंसी-ठहाके बटोरने के लिए जोकर की तरह हरकतें करने के बाद माफी? हम आपकी माफी स्वीकार नहीं करते, अगर हम ऐसा करते हैं, तो कुछ भी नहीं बदलेगा!
एल्विश यादव का करारा तंज
एल्विश यादव ने भी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि 370 रुपये की बिरयानी ने दो बातें उजागर कर दीं—एक आदमी को लगा कि सहमति की भी कोई कीमत होती है और एक कॉमेडियन को लगा कि हर सहज खामोशी को लाफ्टर ट्रैक से भरा जा सकता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिरयानी तो दम पर बनी थी, मगर यह विवाद अहंकार पर पका।
कुशा कपिला की महिलाओं से अपील
कुशा कपिला ने इंस्टाग्राम पर एक के बाद एक कई वीडियो साझा किए और महिलाओं से इस तरह की कॉमेडी के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
मैं महिलाओं से विनती करती हूं कि इस तरह की कॉमेडी के खिलाफ आवाज उठाएं। डरना मत, बकवास की है तो खींचो बढ़िया से। इस तरह की क्लिप को अपलोड करना चॉइस है। महिलाओं पर इस तरह के जोक करना और अपने चैनल पर होस्ट करना चॉइस है। ये सब एक चॉइस है। और हां, ये कॉमेडी नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि इतनी सारी महिलाएं इसके खिलाफ आवाज उठा रही हैं, और तंज भरे अंदाज में जोड़ा कि आज वह अपने पैसों से ऑर्डर करके बिरयानी खाएंगी।
साक्षी शिवदसानी ने भी जताई आपत्ति
साक्षी शिवदसानी ने भी इस मुद्दे पर कड़ी आपत्ति जताते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पोस्ट साझा किया। उन्होंने प्रणित के इस तर्क पर सवाल उठाया कि उनके दर्शकों के विचार उनके अपने विचारों को नहीं दर्शाते।
प्रणित मोरे कह रहे थे कि मेरी ऑडियंस के विचार मेरे विचारों को नहीं दिखाते, लेकिन सर इस क्लिप को आपने ही इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। आपने ये वीडियो पोस्ट किया, क्योंकि आपको ये बहुत मजाकिया लगा कि कैसे एक आदमी किसी लड़की को डेट पर ले जा रहा है और पैसे देकर सोचता है कि उसने एक महिला के साथ सोने का अधिकार खरीद लिया है।
उन्होंने आगे कहा कि जिस कंपनी में वह युवक काम करता था, उसने उसे यह कहते हुए नौकरी से निकाल दिया कि अपने विचारों पर पुनर्विचार कर उन्हें बदलना चाहिए, जबकि इस सोच वाले व्यक्ति में बदलाव की कोई इच्छा तक नहीं दिखती।
https://www.indiatv.in/entertainment/tv/sutapa-sikder-to-elvish-yadav-celebs-blasts-at-pranit-more-over-rupees-370-biryani-comment-2026-06-10-1224215