लौकी का कोफ्ता: ऐसे बनाएंगे तो बच्चे-बूढ़े सभी मांग-मांगकर खाएंगे, नोट कर लें यह आसान रेसिपी

पालक और पनीर के कोफ्ते तो सबने खाए होंगे, लेकिन लौकी का कोफ्ता स्वाद में बेहद लाजवाब और बनाने में आसान है। जानिए इसकी पूरी सामग्री और बनाने का तरीका।

पालक और पनीर के कोफ्ते तो आपने कई बार खाए होंगे, पर क्या कभी लौकी के कोफ्ते का स्वाद चखा है? इसका जायका बेहद लाजवाब होता है और इसे तैयार करना भी आसान है। खास बात यह है कि जो लोग लौकी का नाम सुनते ही मुंह बनाने लगते हैं, वे भी इस डिश को चटखारे लेकर खाएंगे। आइए जानते हैं कि लौकी का कोफ्ता बनाने में कौन-कौन सी सामग्री लगती है और इसे किस तरह बनाया जाता है।

कोफ्ता बनाने के लिए सामग्री

एक लौकी, एक प्याज, एक हरी मिर्च, चार बड़े चम्मच बेसन, एक चम्मच लहसुन-अदरक का पेस्ट, एक चम्मच जीरा पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर, एक चम्मच गरम मसाला, आधा चम्मच अजवायन, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च, चुटकी भर हल्दी और आधा चम्मच नमक।

ग्रेवी के लिए सामग्री

आधा चम्मच जीरा, प्याज का पेस्ट, टमाटर की प्यूरी, नमक, गरम मसाला और हल्दी।

लौकी का कोफ्ता बनाने का तरीका

  • पहला स्टेप: सबसे पहले लौकी को पानी से धोकर अच्छी तरह छील लें। इसके बाद लौकी को कद्दूकस कर लें और उसमें थोड़ा सा नमक मिलाकर अच्छी तरह निचोड़ लें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए।

  • दूसरा स्टेप: पानी निकल जाने के बाद इसमें एक बारीक कटा प्याज, एक हरी मिर्च, बेसन, लहसुन-अदरक का पेस्ट, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अजवायन, काली मिर्च और चुटकी भर हल्दी डालकर सब कुछ अच्छी तरह मिला लें। फिर इस मिश्रण से छोटे-छोटे बॉल्स तैयार कर लें।

  • तीसरा स्टेप: अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और इन बॉल्स को डालकर अच्छी तरह तल लें। बॉल्स को मीडियम से धीमी आंच पर ही तलें, ताकि ये अंदर तक अच्छी तरह पक जाएं।

  • चौथा स्टेप: इसी कड़ाही में आधा चम्मच जीरा डालें। जब जीरा चटकने लगे तो उसमें प्याज का पेस्ट डाल दें। प्याज के हल्का सुनहरा होने पर टमाटर की प्यूरी डालकर अच्छी तरह चलाएं। मसाले के पक जाने पर इसमें नमक, गरम मसाला और हल्दी मिलाकर पांच मिनट तक पकाएं।

  • पांचवां स्टेप: जब मसाला अच्छी तरह पक जाए तो इसमें तले हुए कोफ्ते और एक गिलास पानी डाल दें। इसे कुछ देर मीडियम आंच पर पकने दें और फिर गैस बंद कर दें। आपका स्वादिष्ट लौकी का कोफ्ता बनकर तैयार है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/have-you-ever-tried-lauki-kofta-know-how-to-make-this-recipe-in-a-easy-way-2026-06-10-1224155