बरेली: निकाह के बुलावे पर पहुंची गर्भवती युवती, पर वहां प्रेमी आतिफ था ही नहीं, फूट-फूटकर रोई नजमा

गाजियाबाद से कोर्ट मैरिज की उम्मीद लेकर बरेली पहुंची सात माह की गर्भवती नजमा को तब गहरा सदमा लगा, जब पता चला कि निकाह का वादा करने वाला प्रेमी आतिफ उसे बीच रास्ते छोड़कर फरार हो गया है।

उत्तर प्रदेश के बरेली से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों पर भरोसे को एक बार फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है। यहां एक युवक अपनी गर्भवती प्रेमिका को बीच रास्ते में अकेला छोड़कर भाग निकला। बेसहारा युवती देर तक रोती-बिलखती न्याय की गुहार लगाती रही। जब आसपास भीड़ इकट्ठा हो गई, तब पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची।

जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर बिखरे सपने

यह पूरा वाकया बरेली जिलाधिकारी दफ्तर के बाहर का है। गाजियाबाद से 25 साल की नजमा अपने प्रेमी आतिफ के साथ कोर्ट मैरिज करने की उम्मीद लेकर बरेली पहुंची थी। लेकिन जैसे ही उसे पता चला कि युवक उसे छोड़कर फरार हो चुका है, उसके सारे अरमान टूटकर बिखर गए। हक्की-बक्की रह गई युवती को कुछ समझ नहीं आया और वह वहीं रोने-पीटने लगी।

सात माह की गर्भवती है पीड़िता

रोते हुए युवती बार-बार बस यही दोहरा रही थी कि वह गर्भवती है और उसे यहां निकाह करने के लिए बुलाया गया था, मगर आतिफ ही भाग गया। उसने बताया कि वह सात माह की गर्भवती है। उसकी जुबान पर एक ही सवाल था कि अब उसका और उसके होने वाले बच्चे का क्या होगा।

डेढ़ साल से लिव इन में रह रहे थे दोनों

युवती के मुताबिक, वह और आतिफ डेढ़ साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। शुरुआत में सब ठीक चल रहा था, लेकिन गर्भवती होने के बाद रिश्ते में दूरियां बढ़ने लगीं। आतिफ ने उससे निकाह करने का वादा किया था और इसी भरोसे पर वह गाजियाबाद से सफर तय कर बरेली पहुंची थी। मगर यहां पहुंचते ही उसे प्रेमी के फरार होने की जानकारी मिली।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

युवती के रोने की आवाज सुनकर जब मौके पर भीड़ जुटने लगी, तो पुलिस सतर्क हो गई। पुलिस ने तुरंत युवती से पूरी जानकारी ली और उसे जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, आरोपी प्रेमी की तलाश में भी पुलिस जुट गई है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/bareilly-boyfriend-fled-after-leaving-his-pregnant-girlfriend-outside-dm-office-up-crime-news-local18-10557317.html