राजस्थान में 6 दिन के भीतर 50 हजार से ज्यादा वाहनों पर RTO और पुलिस की कड़ी कार्रवाई, आप भी रहें सतर्क

राजस्थान पुलिस के विशेष सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पिछले छह दिनों में 50,174 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। काली फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अवैध मॉडिफिकेशन और हूटर-प्रेशर हॉर्न के मामलों में सबसे ज्यादा चालान काटे गए।

राजस्थान में सड़क सुरक्षा को और मजबूत करने के मकसद से चलाया जा रहा विशेष अभियान दिन-ब-दिन और तेज होता जा रहा है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में यातायात नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। बीते छह दिनों में पुलिस ने कुल 50,174 वाहनों पर कार्रवाई की है, जिससे नियमों के पालन को लेकर एक कड़ा संदेश दिया गया है।

अभियान के दौरान सबसे ज्यादा कार्रवाई उन वाहनों पर हुई, जिनकी खिड़कियों पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी। ऐसे 19,694 वाहनों पर पुलिस ने शिकंजा कसा। इसके साथ ही नियमों के विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 13,046 वाहन भी कार्रवाई की चपेट में आए। पुलिस ने साफ कर दिया है कि नंबर प्लेट में किसी भी तरह की छेड़छाड़ या गड़बड़ी को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अवैध मॉडिफिकेशन और अनधिकृत सजावट पर सख्ती

वाहनों में किए गए गैरकानूनी बदलावों और बिना अनुमति की गई सजावट पर भी कड़े कदम उठाए गए हैं। अभियान के तहत 4,757 वाहनों पर अवैध मॉडिफिकेशन के लिए कार्रवाई की गई, वहीं 6,791 मामलों में वाहनों पर अनधिकृत शब्द या चिन्ह पाए गए। पुलिस ने इन सभी बदलावों को यातायात नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की है।

हूटर, फ्लैशर और हॉर्न पर भी कसा शिकंजा

अभियान के दौरान 3,244 वाहनों पर अवैध लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर के इस्तेमाल को लेकर कार्रवाई की गई। इसके अलावा प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न का उपयोग करने वाले 2,642 वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस का कहना है कि ऐसे उपकरण न सिर्फ नियमों के खिलाफ हैं, बल्कि सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण और हादसों की वजह भी बनते हैं।

छठे दिन सबसे बड़ा आंकड़ा

विशेष अभियान के छठे दिन पुलिस ने सबसे अधिक 10,825 वाहनों पर कार्रवाई की, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा रहा। अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्ती बरती जाती रहेगी।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-road-safety-campaign-in-rajasthan-10557207.html