महाराष्ट्र के पालघर जिले के डहाणू में कथित लव जिहाद को लेकर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। यहां एक युवक पर दो सगी बहनों को ब्लैकमेल कर उनका यौन शोषण करने का गंभीर आरोप है। आरोपी को गुजरात के भरूच से दबोचा गया था। इस घटना के विरोध में हिंदू संगठनों ने आज पालघर में बंद का आह्वान किया है, जिसके चलते बाजार बंद नजर आ रहे हैं।
पूरा मामला क्या है?
इस प्रकरण की शुरुआत 1 जून को डहाणू में दर्ज कराई गई एक शिकायत से हुई। शिकायत में कहा गया कि आरोपी युवक ने पहले 24 वर्षीय बड़ी बहन से दोस्ती गांठकर उसका यौन शोषण किया और इसके बाद उसकी नाबालिग छोटी बहन को भी अपने जाल में फंसा लिया। आरोप है कि वह दोनों बहनों के आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बनाकर उन्हें लगातार ब्लैकमेल करता रहा। आखिरकार पीड़ित परिवार ने साहस जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया।
घटना को लेकर पालघर में भारी तनाव है और हिंदू संगठनों ने आज बंद का ऐलान किया है। मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने 24 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। चूंकि एक पीड़िता नाबालिग है, इसलिए आरोपी पर पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
एमएलसी चित्रा वाघ का बड़ा दावा
इस मामले को लेकर पूरे महाराष्ट्र में हलचल मची हुई है। भाजपा नेता और एमएलसी चित्रा वाघ ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के बाद एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि यह महज एक लड़के और लड़की के बीच का आपराधिक मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी रैकेट सक्रिय है। दावे के मुताबिक, स्टूडेंट वीजा दिलाने के नाम पर पालघर और आसपास के इलाकों की पढ़ी-लिखी लड़कियों को बहला-फुसलाकर लंदन भेजने का एक सुनियोजित नेटवर्क काम कर रहा है, जो इन लड़कियों का शोषण करता है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर बनी एसआईटी
वाघ ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री फडणवीस से भी मुलाकात की थी, जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का आदेश दिया। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से हो।
https://www.indiatv.in/maharashtra/palghar-dahanu-case-muslim-youth-accused-of-sexually-exploiting-two-sisters-2026-06-10-1224188