मोबाइल और लैपटॉप के बढ़ते इस्तेमाल ने चश्मा पहनने वालों की संख्या तेजी से बढ़ा दी है। काम हो या पढ़ाई, कई लोग दिनभर चश्मा लगाए रखते हैं। लेकिन लंबे समय तक चश्मा पहनने से एक आम परेशानी सामने आती है—नाक पर पड़ने वाले काले निशान। अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि चश्मा उतारते ही नाक के दोनों तरफ गहरे धब्बे नजर आने लगते हैं, जो वक्त के साथ और गहरे होते चले जाते हैं और चेहरे का लुक बिगाड़ देते हैं।
क्यों पड़ते हैं नाक पर ये काले धब्बे
रामपुर के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद इकबाल बताते हैं कि जब चश्मे का फ्रेम हर समय नाक की त्वचा से सटा रहता है, तो उस पर लगातार दबाव बना रहता है। चलते-फिरते या पसीना आने की स्थिति में फ्रेम और त्वचा के बीच हल्की-हल्की रगड़ होती रहती है। यही रगड़ धीरे-धीरे नाक पर काले निशान या दाग छोड़ देती है। हालांकि कुछ आसान घरेलू उपायों और त्वचा की नियमित देखभाल से इन निशानों को आसानी से हल्का किया जा सकता है।
एलोवेरा, शहद और आलू का रस दिखाएंगे असर
डॉ. इकबाल के अनुसार, इस समस्या से राहत पाने के लिए घर में ही कई कारगर चीजें मौजूद रहती हैं। एलोवेरा जेल त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद होता है, क्योंकि इसमें मौजूद प्राकृतिक नमी देने वाले गुण त्वचा को स्वस्थ बनाए रखते हैं। इसी तरह आलू का रस चेहरे के दाग-धब्बे कम करने के लिए जाना जाता है। वहीं शहद त्वचा की हीलिंग में मदद करता है और इसके नियमित इस्तेमाल से काले निशान धीरे-धीरे साफ होने लगते हैं।
टमाटर और संतरे के छिलके भी हैं फायदेमंद
नाक के काले निशानों को दूर करने में टमाटर का रस भी बहुत उपयोगी माना जाता है। यह त्वचा की मृत कोशिकाओं यानी डेड स्किन को हटाने का काम करता है, जिससे त्वचा साफ और तरोताजा दिखने लगती है। इसके अलावा संतरे के छिलके भी इस मामले में काफी असरदार हैं। डॉक्टर का कहना है कि संतरे के छिलकों में मौजूद प्राकृतिक तत्व त्वचा की रंगत निखारने और कालेपन को दूर करने में पूरी तरह मददगार साबित होते हैं।
चश्मे की फिटिंग पर ध्यान देना भी जरूरी
डॉ. मोहम्मद इकबाल एक अहम सलाह देते हुए कहते हैं कि सिर्फ घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने के बजाय चश्मे की फिटिंग पर भी ध्यान देना चाहिए। अगर चश्मा बहुत ज्यादा टाइट है या उसका वजन अधिक है, तो नाक पर दबाव और रगड़ बढ़ जाती है, जिससे निशान और गहरे होते चले जाते हैं। इसलिए हमेशा हल्के फ्रेम और सही फिटिंग वाला चश्मा ही चुनें।
डॉक्टर के मुताबिक, अगर ये निशान लंबे समय तक ठीक न हों या उस जगह जलन और खुजली महसूस हो, तो बिना देर किए त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-how-to-get-rid-of-nose-marks-due-to-spectacles-causes-and-treatment-home-remedies-local18-10556504.html