अलवर शहर के चोर डूंगरी इलाके के पास बसे रामकृपाल नगर में एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। सुबह जैसे ही लोगों को मालूम हुआ कि एक व्यक्ति की उसके ही घर में हत्या कर दी गई है, आसपास सनसनी फैल गई। मामला उस वक्त और भी चौंकाने वाला हो गया, जब पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का आरोप मृतक के ही नाबालिग बेटे पर है। पुलिस ने फिलहाल आरोपी किशोर को निरुद्ध कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहराई से छानबीन की जा रही है।
किराए के मकान में रहता था ई-रिक्शा चालक
जानकारी के अनुसार डीग मालूकी गांव का रहने वाला रोहिताश्व कुमार अपने परिवार के साथ चोर डूंगरी के पास रामकृपाल नगर में किराए के मकान में रहता था। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना वाली रात घर में सिर्फ पिता और बेटा ही मौजूद थे, क्योंकि मृतक की पत्नी अपने भाई की शादी में शामिल होने गई हुई थी। ऐसे में घर में किसी तीसरे व्यक्ति के होने की बात नहीं कही जा रही है।
गले पर किए गए छह वार
बताया जा रहा है कि रोहिताश्व कुमार रात में घर पर सो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उसके नाबालिग बेटे ने लकड़ी काटने वाले गंडासे से उस पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार गले पर एक-दो नहीं, बल्कि छह वार किए गए। हमला इतना भीषण था कि रोहिताश्व की मौके पर ही मौत हो गई।
चारपाई पर शव, नीचे पड़ा मिला गंडासा
सुबह जब घटना की जानकारी सामने आई तो घर के अंदर चारपाई पर शव पड़ा हुआ मिला। जिस गंडासे से वार किया गया था, वह भी चारपाई के नीचे पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर आसपास के लोग सन्न रह गए। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
अब तक रहस्य बनी हत्या की वजह
इस मामले की सबसे बड़ी गुत्थी फिलहाल हत्या का कारण है। पुलिस के अनुसार आरोपी नाबालिग बेटे ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उसने अपने पिता पर इतना बड़ा हमला आखिर क्यों किया। प्रारंभिक पूछताछ में भी कोई ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है। मृतक के साले ने पुलिस को घटना की शिकायत दी, जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई। सूचना मिलते ही अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सबूत जुटाकर आरोपी किशोर को अपने संरक्षण में ले लिया।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
अरावली विहार थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल के अनुसार मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी, जिसके चलते एक बेटे पर अपने ही पिता की हत्या का आरोप लग गया। घटना के समय घर में सिर्फ पिता-पुत्र ही मौजूद थे, इसलिए पुलिस पूरे घटनाक्रम को आपस में जोड़कर देख रही है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उधर, इलाके के लोग भी इस घटना से हैरान हैं। पड़ोसियों का कहना है कि किसी ने सोचा भी नहीं था कि एक साधारण परिवार में इस तरह की दर्दनाक वारदात होगी। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, जो इस वारदात के पीछे छिपे असली कारण को उजागर करने में जुटी है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/alwar-minor-son-accused-of-killing-e-rickshaw-driver-father-in-alwar-ws-l-10556291.html