केरल में दो चुनावी गारंटियां लागू: KSRTC बसों में मुफ्त सफर का ऐलान, बुजुर्गों के लिए बनेगा अलग विभाग

केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीसन ने पहली कैबिनेट बैठक में दो चुनावी वादे लागू करने का फैसला किया है, जिसके तहत 15 जून से KSRTC बसों में मुफ्त यात्रा शुरू होगी और सीनियर सिटीजन के लिए नया विभाग बनेगा।

तिरुवनंतपुरम: केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीसन ने कांग्रेस की ओर से चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों में से दो को अमल में लाने का निर्णय लिया है। उन्होंने घोषणा की कि अब राज्य के हर निवासी को बस में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में बुजुर्गों के लिए एक अलग विभाग गठित करने का फैसला भी लिया गया।

सरकारी बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री सतीसन ने बताया कि चुनाव के दौरान किए गए पांच वादों में से फिलहाल दो को कैबिनेट की पहली बैठक में लागू करने का निर्णय लिया गया है। इनमें पहला वादा केरल राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा का है, जबकि दूसरा वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक नया विभाग बनाने से जुड़ा है।

15 जून से शुरू होगी नि:शुल्क यात्रा योजना

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मुफ्त यात्रा योजना आगामी 15 जून से सभी सामान्य KSRTC बसों में लागू हो जाएगी और इसमें यात्री की उम्र या आय की कोई सीमा नहीं रखी जाएगी। इस योजना का लाभ ट्रांसजेंडर समुदाय को भी मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस योजना को संचालित करने के लिए राज्य सरकार 750-800 करोड़ रुपये का खर्च वहन करेगी और यह राशि KSRTC को सौंपी जाएगी।

https://www.indiatv.in/india/politics/kerala-cm-vd-satheesan-announces-free-ksrtc-bus-travel-senior-citizens-department-first-cabinet-meeting-2026-06-10-1224166