उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के कुछ ही समय बाद एक नवविवाहिता ने अपने पति से तलाक की मांग कर दी। दुल्हन का आरोप है कि उसे शादी के बाद से ही जरा भी एकांत यानी प्राइवेसी नहीं मिल पाई, यहां तक कि हनीमून पर भी पूरा ससुराल उसके साथ चला गया।
मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर हुई थी मुलाकात
यह पूरा मामला बहूसमा थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, इलाके के रामराज की रहने वाली युवती और दिल्ली के पटेल नगर में रहने वाले युवक की एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर पहली बार बातचीत हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया और परिवार की सहमति मिलते ही सात फेरों के साथ वैवाहिक बंधन में बंध गए। हालांकि ससुराल पहुंचने के बाद दुल्हन को कभी एकांत नहीं मिल पाया और उसका कहना है कि ससुराल वाले उसे लगातार परेशान करते रहते थे।
हनीमून पर भी साथ पहुंच गया पूरा परिवार
दुल्हन ने जब पति के साथ हनीमून पर जाने की योजना बनाई, तब भी ससुराल वालों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। दुल्हन के मुताबिक, हनीमून पर उसके सास-ससुर के साथ-साथ देवर और ननद भी पहुंच गए। ऐसे में उसे अपने पति के साथ अकेले समय बिताने का मौका ही नहीं मिल सका, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
हनीमून से लौटकर पूरा परिवार जब घर वापस आया तो दूल्हा-दुल्हन के बीच मनमुटाव और बढ़ गया। छोटी-छोटी बातों में ससुराल वालों की दखलअंदाजी से तंग आकर आखिरकार दुल्हन ने पति से सीधे तलाक की मांग कर दी।
काउंसलिंग के बाद भी नहीं बनी बात
दुल्हन ने ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चूंकि मामला दो परिवारों से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने इसे परिवार परामर्श केंद्र को सौंप दिया और दुल्हन तथा उसके पति को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया।
काउंसलिंग के दौरान दुल्हन ने कहा कि हर महिला अपने पति के साथ कुछ पल एकांत में बिताना चाहती है, लेकिन हनीमून पर भी वे दोनों अकेले नहीं रह पाए। वहीं पति का कहना है कि उसने पूरे परिवार को खुश रखने के मकसद से ही सबको साथ ले जाने का फैसला किया था और उसे लगता है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया।
दोनों पक्षों के बीच काउंसलिंग कराने के बावजूद कोई सुलह नहीं हो सकी और अब यह मामला तलाक तक पहुंच गया है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/meerut-dulha-dulhan-talaq-after-honeymoon-she-said-they-did-not-give-privacy-local18-10556157.html