ऐपल ने WWDC 2026 में iOS 27 की घोषणा करते वक्त Siri AI, ऐपल इंटेलिजेंस और कई दूसरे AI फीचर्स पर सबसे ज्यादा जोर दिया। लेकिन इसी अपडेट के साथ एक ऐसी सुविधा भी आने वाली है, जिसका iPhone यूजर्स काफी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। iOS 27 में अब अलग-अलग तरह की आवाजों के लिए अलग वॉल्यूम कंट्रोल दिया जाएगा। यानी यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से रिंगटोन, अलार्म, टाइमर और सिस्टम साउंड की आवाज को अलग-अलग सेट कर सकेंगे।
अब तक क्या परेशानी थी
अब तक iPhone में अलग-अलग नोटिफिकेशन और अलर्ट के लिए एक ही वॉल्यूम सेटिंग पर निर्भर रहना पड़ता था। इसी वजह से अगर कोई यूजर सिर्फ अलार्म की आवाज कम करना चाहता था, तो उसके साथ रिंगटोन की आवाज भी प्रभावित हो जाती थी। तमाम यूजर्स लंबे समय से इस बदलाव की मांग कर रहे थे और आखिरकार ऐपल ने इसे iOS 27 में जगह दे दी है।
किस सेक्शन में मिलेगा नया फीचर
रिपोर्ट के मुताबिक, यह नया फीचर Settings ऐप के Sounds and Haptics सेक्शन में मौजूद रहेगा। यहां से यूजर रिंगटोन, अलार्म और टाइमर के साथ-साथ सिस्टम साउंड और नोटिफिकेशन की आवाज को अलग-अलग कंट्रोल कर पाएंगे। इससे iPhone इस्तेमाल करने का अनुभव पहले के मुकाबले और आसान हो जाएगा।
Match Ringtone Volume का नया विकल्प
ऐपल ने iOS 27 में “Match Ringtone Volume” नाम का एक नया ऑप्शन भी शामिल किया है। अगर यह ऑप्शन ऑन रहता है, तो पहले की तरह सभी आवाजें एक ही वॉल्यूम सेटिंग पर चलेंगी। वहीं इसे बंद करने पर यूजर अलग-अलग साउंड कैटेगरी के लिए अलग वॉल्यूम लेवल तय कर सकेंगे।
किन आवाजों पर लागू नहीं होगा
कंपनी के मुताबिक, यह सुविधा Wake-Up Alarm और कुछ खास अलार्म पर लागू नहीं होगी, क्योंकि उनके लिए पहले से ही अलग वॉल्यूम सेटिंग मौजूद रहती है। वहीं सिस्टम साउंड कैटेगरी में कीबोर्ड क्लिक, कैमरा शटर साउंड और मैसेज नोटिफिकेशन जैसी आवाजें आती हैं। हालांकि iOS 27 में हर एक अलार्म के लिए अलग वॉल्यूम तय करने का विकल्प नहीं मिलेगा, फिर भी यह बदलाव iPhone यूजर्स के लिए काफी काम का साबित हो सकता है।
Android में पहले से मौजूद है सुविधा
Android स्मार्टफोन में यह सुविधा कई सालों से दी जा रही है और अब ऐपल भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। iOS 27 का डेवलपर बीटा जारी किया जा चुका है, जबकि पब्लिक बीटा अगले महीने आने की उम्मीद है। फाइनल अपडेट इस साल के आखिर में सभी सपोर्टेड iPhone मॉडल्स के लिए जारी किया जा सकता है।
https://hindi.news18.com/news/tech/apps-ios-27-brings-independent-volume-controls-to-iphone-after-years-of-user-demand-like-android-10555482.html