फीफा विश्व कप 2026 का आगाज़ 12 जून से होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट की मेज़बानी अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा मिलकर कर रहे हैं। मगर मैदान पर पहली गेंद लुढ़कने से पहले ही यह आयोजन कई विवादों की वजह से सुर्खियों में आ चुका है। आइए जानते हैं उन पांच बड़े विवादों के बारे में, जिन्होंने फैंस का उत्साह कुछ हद तक फीका कर दिया है।
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव
सबसे पहला और सबसे बड़ा विवाद अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे टकराव से जुड़ा है। इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि किसी मेज़बान देश का किसी भाग लेने वाली टीम के देश के साथ युद्ध जैसा हालात रहा हो। इसके बावजूद ईरानी टीम को न चाहते हुए भी अमेरिका पहुंचना पड़ेगा। दूसरी ओर, फीफा ने ईरान के मुकाबलों को किसी और जगह कराने से साफ इनकार कर दिया है। इसका नुकसान यह होगा कि ईरान के हज़ारों समर्थक अपनी टीम का हौसला बढ़ाने अमेरिका नहीं पहुंच सकेंगे, क्योंकि उन्हें वीज़ा ही नहीं मिल पाएगा।
आसमान छूती टिकट और पार्किंग की कीमतें
फाइनल मुकाबले की टिकट को लेकर भी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले जमकर बवाल हो रहा है। फीफा फाइनल की एक सीट की कीमत करीब 2.3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 23 लाख रुपए तय की गई है। इतना ही नहीं, स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों को कार पार्किंग के लिए 175 डॉलर यानी करीब 17000 रुपए तक चुकाने होंगे।
इसके अलावा ट्रेन और बसों का किराया भी बढ़ा दिया गया है। फैंस इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं और इन कीमतों को शर्मनाक तथा अपने साथ विश्वासघात बता रहे हैं।
इन्फेंटिनो और ट्रंप की नज़दीकियां
तीसरा विवाद फीफा अध्यक्ष इन्फेंटिनो के ट्रंप प्रशासन के साथ बढ़ते करीबी रिश्तों को लेकर है। उन्होंने ट्रंप को फीफा शांति पुरस्कार से सम्मानित किया और ओवल ऑफिस के लिए एक सुनहरी ट्रॉफी भी भेंट की। इस रिश्ते की तीखी आलोचना हो रही है, खासकर ईरान के खिलाफ अमेरिकी नेतृत्व वाली सैन्य कार्रवाइयों के बाद, जिन्होंने वैश्विक भू-राजनीति को अस्थिर कर दिया है।
सोमाली रेफरी को अमेरिका में प्रवेश नहीं
हाल ही में अमेरिका ने फीफा विश्व कप के सोमाली रेफरी को अपने देश में दाखिल होने से रोक दिया। ओमर अब्दुलकादिर अरतान, जो विश्व कप मैच में अंपायरिंग करने वाले पहले सोमाली रेफरी बनने वाले थे, उन्हें हिरासत में ले लिया गया। सोमालिया सरकार के राजनयिक प्रयासों के बावजूद फीफा ने पुष्टि कर दी कि अरतान इस टूर्नामेंट में अंपायरिंग नहीं कर पाएंगे।
मौसम की मार और गर्मी का खतरा
पांचवां विवाद मौसम से जुड़ा हुआ है। कुछ दिन पहले मौसम वैज्ञानिकों के एक समूह ने फीफा को आगाह किया था कि उसके मौजूदा गर्मी सुरक्षा इंतज़ाम नाकाफी हैं। चेतावनी के मुताबिक 16 में से 14 स्टेडियमों का तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है और गर्म मौसम के दौरान यह 40°C तक चढ़ सकता है। इससे हीट वेव की स्थिति बन सकती है, जिसका असर खिलाड़ियों के प्रदर्शन और सेहत पर भी पड़ सकता है।
https://hindi.news18.com/photogallery/sports/football-before-fifa-2026-kicks-off-5-major-controversies-have-dampened-excitement-for-tournament-all-you-need-to-know-10555478.html