किसी फिल्म को यादगार बनाने के लिए हमेशा बड़े बजट, सितारों से सजी कास्ट, भारी-भरकम वीएफएक्स या चार्टबस्टर गानों की जरूरत नहीं होती। कई बार एक सच्ची, दिल को छू जाने वाली कहानी और असल जिंदगी जैसा सहज अभिनय ही दर्शकों का मन जीत लेता है। ओटीटी पर ऐसी ही फिल्में अक्सर लोगों के बीच खूब पसंद की जाती हैं। हाल में सिनेमाघरों में आई एक फिल्म की कहानी इतनी दमदार रही कि दर्शक इसे देखने थिएटर तक खिंचे चले आए, और अब यह बड़े पर्दे से सीधे ओटीटी पर पहुंच चुकी है। हम बात कर रहे हैं रत्ना कुमार के निर्देशन में बनी तमिल भाषा की रोमांटिक फिल्म '29' की, जो 29 साल के एक ऐसे शख्स की कहानी है जिसकी जिंदगी संघर्षों से भरी है। इसी बीच उसकी मुलाकात एक बेफिक्र और जिंदादिल लड़की से होती है, और यहीं से कहानी एक नया मोड़ ले लेती है।
किस थीम पर आधारित है '29' की कहानी
यह एक 'कमिंग-ऑफ-एज' फिल्म है, यानी ऐसी कहानी जो दिखाती है कि बढ़ती उम्र के साथ इंसान में कैसे समझ और परिपक्वता आती है। फिल्म जिंदगी की हकीकत को बेहद करीब से पेश करती है। '29' को 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। कहानी का मुख्य किरदार सत्य है और शुरुआत उसी के इर्द-गिर्द बुनी गई है। सत्य एक पहचान के संकट यानी आइडेंटिटी क्राइसिस से जूझ रहा है और अपनी जिंदगी को अपने मन के मुताबिक ढालने की कोशिश में लगा है। इसी सफर में उसकी मुलाकात विजी नाम की लड़की से होती है, जो आगे चलकर उसकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन जाती है।
कहानी की रूपरेखा
'29' सत्य नाम के 29 साल के एक युवक की कहानी है, जो अपनी असली पहचान और जीवन के मकसद की तलाश में संघर्ष कर रहा है। उसे अपनी जिंदगी अधूरी और खोई-खोई सी लगती है, वह बार-बार नौकरी बदलता रहता है और हर बार अपने अस्तित्व के मकसद पर सवाल उठाता है। इसी सफर में उसकी मुलाकात विजी से होती है, जो उसके जीवन में खास जगह बना लेती है। हालांकि उनके रिश्ते में कई मुश्किलें भी आती हैं, क्योंकि जिंदगी के संघर्षों के बीच सत्य के लिए किसी रिश्ते को पूरी तरह निभाने की प्रतिबद्धता दिखाना आसान नहीं रहता। इस जोड़े का पूरा सफर रोमांस, भावनाओं, सपनों को साकार करने और जीवन का असली मकसद ढूंढने के इर्द-गिर्द घूमता है।
कास्ट और क्रू
फिल्म में विधु ने सत्य, प्रीति असरानी ने विजयलक्ष्मी, महेंद्रन ने संतोष, अविनाश ने मणि, शहनाज फातिमा ने जानू और प्रेम कुमार ने कुरुनीला कथिरवन की भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म को कार्तिक सुब्बाराज ने स्टोन बेंच क्रिएशन्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है, जबकि कार्तिकेयन संथानम और लोकेश कनगराज ने इसे 'जी स्क्वाड' के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। इसका लेखन और निर्देशन रत्ना कुमार ने किया है।
IMDb रेटिंग और कहां देखें
फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और इसे IMDb पर 7.4 की शानदार रेटिंग हासिल है। आप इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं। यह फिल्म आपको काफी कुछ सोचने पर मजबूर करेगी और इसकी कहानी से दर्शक खुद को आसानी से जोड़ पाएंगे। फिलहाल '29' नेटफ्लिक्स पर ट्रेंडिंग में बनी हुई है और इसने माधुरी दीक्षित की फिल्म 'मां बहन' को भी पीछे छोड़ दिया है।
https://www.indiatv.in/entertainment/ott/29-year-old-man-remarkable-story-of-7-point-4-imdb-rating-released-five-days-ago-started-trending-left-madhuri-maa-behen-behind-2026-06-10-1224092