मशहूर निर्देशक भारतीराजा का 85 साल की उम्र में निधन, खुशबू सुंदर ने जताया गहरा शोक

तमिल सिनेमा के दिग्गज फिल्मकार भारतीराजा का 10 जून, बुधवार को चेन्नई में निधन हो गया। उम्र और लंबी बीमारी उनकी मौत की वजह बनी, जिस पर अभिनेत्री खुशबू सुंदर समेत पूरी इंडस्ट्री ने दुख जताया है।

तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। जाने-माने फिल्म निर्देशक भारतीराजा अब इस दुनिया में नहीं रहे। बुधवार, 10 जून को 85 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। चेन्नई में बुधवार सुबह खराब सेहत और उम्र से जुड़ी बीमारियों के चलते उनका निधन हुआ। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। बढ़ती उम्र और लंबी बीमारी ही उनकी मौत की वजह बनी। उनके अंतिम संस्कार को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उनके जाने से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

इस तरह सामने आई निधन की खबर

तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल के सदस्यों ने इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए संवेदना व्यक्त की। तमिल में जारी उनके संदेश का भावार्थ कुछ इस तरह है— 'हमें यह बताते हुए गहरा दुख हो रहा है कि हमारे एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ सदस्यों में से एक, मशहूर निर्देशक भारतीराजा का आज सुबह निधन हो गया।' यह खबर सोशल मीडिया पर आते ही प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। लोग लगातार अपनी संवेदनाएं जता रहे हैं और अपने पसंदीदा निर्देशक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

खुशबू सुंदर का भावुक पोस्ट

अभिनेत्री, निर्माता और राजनेता खुशबू सुंदर भारतीराजा के निधन की खबर सुनकर बेहद आहत हुईं और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक कर देने वाला संदेश साझा किया। भारतीराजा की एक तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, 'यह जानकर बहुत दुख हुआ कि हमारे सबसे प्रिय और सम्मानित निर्देशक, महान भारतीराजा अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके जाने से तमिल सिनेमा में शोक छा गया है। उनकी फिल्में हमेशा मिसाल रही हैं और आगे भी फिल्म निर्माण की असली पाठशाला बनी रहेंगी। उन्होंने सिनेमा से प्रेम करने वाले हर व्यक्ति के लिए एक बड़ी विरासत छोड़ी है। वे हमेशा कहते थे कि मेरे साथ दो चोटियों वाले लुक में एक फिल्म करेंगे। अब यह सपना अधूरा ही रह जाएगा। सर, आपकी बहुत याद आएगी। आपकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।'

बेटे की मौत ने झकझोर दिया था

गौरतलब है कि मार्च 2024 में 48 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के कारण उनके बेटे और अभिनेता मनोज भारतीराजा का निधन हो गया था। इस हादसे ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया था और इसी के बाद से उनकी सेहत लगातार बिगड़ती चली गई। मनोज की मौत और अंतिम संस्कार के दौरान भारतीराजा पूरी तरह बिखर गए थे और इस सदमे को स्वीकार कर पाना उनके लिए बेहद कठिन रहा। पिछले साल दिसंबर में सांस लेने में तकलीफ और घरघराहट की शिकायत के बाद उन्हें चेन्नई के टी नगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

चार दशक से ज्यादा का निर्देशन करियर

भारतीराजा ने अपने बेटे के जन्म के एक साल बाद यानी 1977 में फिल्म '16 वयथिनिले' से बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने लंबे करियर में उन्होंने 40 से ज्यादा फिल्मों का निर्देशन किया। चार दशक से अधिक लंबे इस सफर ने उन्हें 'इयक्कुनर इम्मायाम' का खिताब दिलाया और इसी नाम से वे इंडस्ट्री में पहचाने जाते थे। उनकी सबसे चर्चित फिल्मों में 'किझाके पोगुम रेल', 'सिगप्पू रोजक्कल', 'अलायगल ओइवाथिल्लई', 'काधल ओवियम' और 'मुधल मरियथाई' शामिल हैं। आखिरी बार उन्होंने 'परवाई कूटिल वाझुम मांगाल' का निर्देशन किया, जिसे प्राइम वीडियो की एंथोलॉजी 'मॉडर्न लव चेन्नई' के हिस्से के रूप में देखा जा सकता है।

अभिनय में भी छोड़ी छाप

भारतीराजा सिर्फ बेहतरीन निर्देशक ही नहीं, बल्कि शानदार अभिनेता भी थे। उन्होंने कई फिल्मों में अभिनय किया। हाल ही में वे मोहनलाल के साथ 'थुदारुम' में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने 'पुलावर' में भी अभिनय किया है, जो अभी रिलीज नहीं हुई है और यही उनके करियर की आखिरी फिल्म होगी। 'आयुथा एझुथु', 'पांडियानाडू', 'ईश्वरन', 'तिरुचित्रम्बलम' और 'महाराजा' जैसी शानदार फिल्मों ने उनके अभिनय करियर को और भी चमकदार बना दिया।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/veteran-director-bharathiraja-passes-away-khushbu-sundar-mourns-loss-death-reason-revealed-2026-06-10-1224098