हार्दिक पांड्या के लिए हालात एक बार फिर मुश्किल होते दिख रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक वे अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं। हालांकि इस संबंध में बीसीसीआई की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ठीक एक दिन पहले ही यह जानकारी आई थी कि वे पूरी तरह फिट हैं और जल्द ही वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का हिस्सा बन सकते हैं। लेकिन अब खबर है कि उनकी पुरानी चोट दोबारा उभर आई है, जिसके चलते वे पूरी सीरीज से बाहर रहने की कगार पर खड़े नजर आ रहे हैं।
13 जून से शुरू हो रही है भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया टेस्ट मुकाबला सिर्फ तीन दिन में ही समाप्त हो गया था, जिसे टीम इंडिया ने पारी और 300 रन के बड़े अंतर से जीता था। अब बारी वनडे सीरीज की है, जिसका पहला मुकाबला 13 जून को खेला जाएगा। इसके लिए भारतीय टीम अभी तैयारियों में जुटी हुई है। बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा पहले ही कर दी थी, जिसमें कप्तानी की कमान एक बार फिर शुभमन गिल को सौंपी गई है। वहीं पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को टीम में जगह तो दी गई, लेकिन एक शर्त के साथ। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया था कि ये दोनों खिलाड़ी तभी मैदान पर उतरेंगे, जब वे पूरी तरह फिट होंगे।
क्वाड्रिसेप की चोट, उबरने में लग सकता है समय
इसी बीच मंगलवार यानी 9 जून को यह खबर आई थी कि हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा ने अपनी फिटनेस वापस पा ली है और दोनों अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हार्दिक ने दो जून को सीईओ को रिपोर्ट किया था और तब से वे वहीं मौजूद थे। लेकिन इसके अगले ही दिन, बुधवार 10 जून को फिर से उनके खेलने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हार्दिक को क्वाड्रिसेप की चोट है, जिससे उबरने में तीन हफ्ते तक का समय लग सकता है। यानी वे तीनों मैचों से बाहर हो सकते हैं। फिलहाल इस मामले में बीसीसीआई की ओर से आधिकारिक अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।
विराट कोहली भी नहीं खेलेंगे वनडे सीरीज
हार्दिक से पहले विराट कोहली भी इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं और उनके बारे में जानकारी पहले ही आ चुकी है। उन्हें शुरुआत में टीम में शामिल किया गया था, लेकिन बाद में पता चला कि वे भी चोटिल हैं और पूरी अफगानिस्तान सीरीज नहीं खेल पाएंगे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पहले ही आराम दिया जा चुका है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि हार्दिक पांड्या को लेकर पक्की खबर कब तक सामने आती है।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/hardik-pandya-ruled-out-of-odi-series-india-vs-afghanistan-2026-06-10-1224121