खान सर बनाम रौशन आनंद: आज खान सर के गार्डों की जमानत पर कोर्ट का फैसला, क्या हाई कोर्ट जाएंगे रौशन आनंद?

खान सर और रौशन आनंद विवाद में आज खान सर के दो जेल में बंद सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर अदालत फैसला सुना सकती है, जबकि रौशन आनंद की जमानत खारिज होने के बाद नाराज छात्र पटना की सड़कों पर उतर आए हैं।

बिहार की राजधानी पटना का कोचिंग जगत इन दिनों ‘खान सर बनाम रौशन आनंद’ विवाद को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है। इस चर्चित मामले में बुधवार को बड़ा मोड़ आने की संभावना है, जब अदालत खान सर (फैजल खान) के दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर अपना निर्णय सुना सकती है। फिलहाल दोनों गार्ड जेल में बंद हैं और सबकी नजरें कोर्ट के फैसले पर टिकी हुई हैं।

गार्डों की जमानत पर सुरक्षित रखा गया था फैसला

जेल में बंद खान सर के दो सुरक्षा गार्डों दीपक कुमार और तालेबर सिंह की जमानत अर्जी पर सोमवार को जज अनुराग वर्मा की अदालत में सुनवाई हुई थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। दोनों गार्ड 4 जून से ही जेल में बंद हैं।

‘तुम गोली चलाओ, बाकी मैं देख लूंगा’

विवाद की शुरुआत के बाद पुलिस ने खान सर के सुरक्षा गार्डों के बयान के आधार पर खुद खान सर के खिलाफ भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर के अनुसार, घटना के समय खान सर ने कथित रूप से अपने गार्डों को उकसाते हुए कहा था, “तुम गोली चलाओ, बाकी मैं देख लूंगा।”

रौशन आनंद की जमानत खारिज, भड़के छात्र

एक ओर जहां खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगी हुई है, वहीं दूसरी ओर ‘ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी’ के डायरेक्टर रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज होने के बाद छात्रों में भारी आक्रोश है। मंगलवार शाम को हजारों छात्र रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर पटना की सड़कों पर उतर आए। छात्रों का आरोप है कि पुलिस की यह कार्रवाई पूरी तरह भेदभावपूर्ण है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया, “यह कैसी कार्रवाई है कि जो मौके पर गोली चलवा रहा था वह बाहर घूम रहा है, और जो घटनास्थल पर मौजूद भी नहीं था उसे जेल में डाल दिया गया? एक को जेल और एक को बेल क्यों?”

विरोध मार्च रोका गया, भारी पुलिस बल तैनात

छात्रों ने पटना कॉलेज से कारगिल चौक तक विरोध मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और वाटर कैनन की गाड़ियां तैनात रहीं।

छात्रों ने सरकार से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और निष्पक्ष जांच कमेटी गठित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिना उचित जांच के रौशन सर को जेल भेजना हजारों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

क्या हाई कोर्ट का रुख करेंगे रौशन आनंद?

चर्चा है कि जमानत याचिका खारिज होने के बाद अब रौशन आनंद हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं। इस बीच खान सर के गार्डों की जमानत पर आने वाले कोर्ट के फैसले से पूरे मामले में नई दिशा तय होने की उम्मीद है।

https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-khan-sir-faizal-khan-patna-coaching-firing-case-gyan-bindu-raushan-anand-sir-court-verdict-live-updates-local18-ws-l-10555464.html