मशहूर पॉप सिंगर दुआ लीपा इस साल गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड समारोह में अपने अलग अंदाज वाले आउटफिट को लेकर चर्चा का केंद्र बन गईं। इस बार उन्हें पहली बार गोल्डन ग्लोब्स के लिए नामांकित किया गया था और साथ ही वह इस आयोजन में प्रस्तुतकर्ता की भूमिका में भी नजर आईं। कस्टम मेड वेलवेट गाउन पहनकर पहुंचीं सिंगर ने जैसे ही रेड कार्पेट पर कदम रखा, वहां मौजूद लोग उन्हें मुड़-मुड़कर देखने लगे।
गाउन सुंदर तो था, मगर पहनना आसान नहीं
दुआ लीपा का गाउन देखने में बेहद आकर्षक था, लेकिन उसे पहने रखना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। हाल ही में सिंगर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर बताया कि इस गाउन की वजह से समारोह के दौरान उन्हें कितनी असुविधा का सामना करना पड़ा। हालत यह रही कि इस ड्रेस के चलते कुर्सी पर बैठना तक उनके लिए मुश्किल हो गया।
दुआ लीपा का मजेदार पोस्ट
इवेंट का वीडियो शेयर करते हुए सिंगर ने लिखा, 'कल की खूबसूरत रात के लिए गोल्डनग्लोब्स का बहुत-बहुत धन्यवाद – बस एक ही चीज की कमी थी और वह थी एक रिक्लाइनिंग कुर्सी।' वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गाउन की वजह से उन्हें कुर्सी पर बैठने में खासी परेशानी हो रही थी।
वीडियो हुआ वायरल, फैंस ले रहे मजे
दुआ का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'सेलेब्स को आखिर ऐसी ड्रेस पहनने की क्या जरूरत होती है।'
'बार्बी' के गाने के लिए मिला नामांकन
दुआ लीपा को फिल्म 'बार्बी' में अपने गाने के लिए पहला नामांकन हासिल हुआ। उनके गाने 'डांस द नाइट' को गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स में बेस्ट ओरिजिनल गाने की श्रेणी में नॉमिनेट किया गया था। फिल्म में दुआ ने मरमेड बार्बी का किरदार निभाया था और इसी से प्रेरित होकर उन्होंने गोल्डन ग्लोब्स के लिए मरमेड गाउन पहनने का फैसला किया।
https://hindi.news18.com/news/entertainment/hollywood-pop-singer-dua-lipa-shared-video-showing-how-much-she-struggled-in-her-golden-globes-award-function-dress-netizens-react-7970488.html