भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर, दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में बरसेंगे बादल, मौसम विभाग का अनुमान

मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी तेजी से आगे बढ़ते हुए कई राज्यों को कवर कर चुका है।

जून के महीने में पड़ रही प्रचंड गर्मी ने उत्तर भारत के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में आसमान से मानो आग बरस रही है, जिसके चलते लोग मॉनसून के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश को लेकर राहत भरी जानकारी दी है, जिससे जल्द ही चिलचिलाती गर्मी से छुटकारा मिलने की उम्मीद है।

गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 11 और 12 जून यानी गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस अवधि में आंधी-तूफान के साथ-साथ 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। विभाग का कहना है कि इन हालात के चलते 12 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान घटकर करीब 35-37 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम का मिजाज

पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में अचानक बदलाव दर्ज किया गया है। मंगलवार को राजधानी और आसपास के कई इलाकों में बारिश हुई और इस दौरान आंधी-तूफान भी देखने को मिला। बुधवार रात गाजियाबाद और नोएडा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। छिटपुट बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर के तापमान में हल्की गिरावट आई है।

इन राज्यों तक पहुंच चुका है मॉनसून

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस समय तेज गति से आगे बढ़ रहा है और कई राज्यों को अपनी चपेट में ले चुका है। मौसम विभाग ने उन क्षेत्रों की सूची जारी की है, जहां अब तक मॉनसून दस्तक दे चुका है।

  • केरल
  • गोवा
  • तमिलनाडु के अधिकांश हिस्से
  • कर्नाटक के बड़े हिस्से
  • महाराष्ट्र के कुछ हिस्से
  • आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से
  • तेलंगाना के कुछ हिस्से
  • पूर्वोत्तर के सभी राज्य (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम, मिजोरम और त्रिपुरा)

इन राज्यों के लिए भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आने वाले 5-7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 जून 2026 यानी गुरुवार और शुक्रवार को उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी, साथ ही 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

https://www.indiatv.in/india/national/storms-and-rain-weather-news-heavy-rainfall-delhi-ncr-monsoon-2026-update-aaj-ka-mausam-imd-alert-2026-06-10-1224089