बरेली: खुद को अविवाहित बताकर महिला रिक्रूट से बनाए संबंध, सच सामने आते ही थाने में खाया जहर

बरेली के शाही थाने में तैनात सिपाही पर महिला रिक्रूट आरक्षी को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा है। सिपाही के शादीशुदा होने का पता चलते ही महिला रिक्रूट ने थाने में ही जहर खा लिया, जिसके बाद एसएसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया।

बरेली के शाही थाने में तैनात एक सिपाही पर अपने ही थाने में प्रशिक्षण ले रही महिला रिक्रूट आरक्षी को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले ने उस वक्त सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब आहत महिला रिक्रूट ने थाने के अंदर ही जहर खाकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।

दोस्ती से शुरू होकर धोखे तक पहुंचा मामला

आरोप है कि सिपाही अमित चौधरी ने पहले अपने ही थाने में तैनात महिला रिक्रूट आरक्षी से दोस्ती की और फिर खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जैसे ही महिला रिक्रूट को सिपाही के शादीशुदा होने की सच्चाई का पता चला, वह सन्न रह गई और उसने थाने में ही जहर खा लिया।

थाने में जहर खाने से मचा हड़कंप

महिला रिक्रूट आरक्षी के जहर खाने की जानकारी मिलते ही साथी पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। जहर खाने के बाद वह थाने के भीतर ही बेहोश हो गई, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

तीन साल से थाने में तैनात था आरोपी सिपाही

यह पूरा मामला शाही थाने का है, जहां अमित चौधरी नाम का सिपाही पिछले 3 साल से तैनात है। हाल ही में बरेली में संपन्न हुई पासिंग आउट परेड के बाद महिला रिक्रूट आरक्षियों को प्रशिक्षण देने के लिए थाने में तैनाती दी गई थी। आरोप है कि प्रशिक्षण देने के दौरान ही सिपाही ने महिला रिक्रूट से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया।

एक सप्ताह पहले खुला राज

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले महिला रिक्रूट सिपाही को अमित चौधरी के पहले से विवाहित होने की जानकारी हुई थी। यह सच्चाई सामने आते ही वह टूट गई और उसने थाने के अंदर ही आत्महत्या का प्रयास कर लिया।

एसएसपी ने किया आरोपी सिपाही को निलंबित

जांच के बाद एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने आरोपी सिपाही अमित चौधरी को निलंबित कर दिया है। वहीं, एक सिपाही की करतूत से पुलिस की वर्दी पर लगे इस दाग को लेकर अब बरेली का कोई भी पुलिस अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/bareilly-bareilly-police-constable-amit-chaudhary-suspended-after-female-recruit-allegedly-consumes-poison-over-marriage-deception-local18-10555248.html