मौत के बाद भी पीछा नहीं छोड़ रहा 'सिरफिरा' प्रेमी, AI से बना रहा तस्वीरें- कहता है 'वो आज भी मेरे साथ'

बरेली में एक युवती की कथित तौर पर जहर देकर हत्या के बाद उसका प्रेमी अब AI से उसकी तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है और दावा कर रहा है कि वह आज भी उसके साथ है। परेशान परिजनों ने एसएसपी से कठोर कार्रवाई की मांग की है।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती के परिवार को दोहरा दर्द झेलना पड़ रहा है। एक ओर जहां उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं है, वहीं दूसरी ओर उसका कथित प्रेमी उसकी मौत के बाद भी परिवार को लगातार परेशान कर रहा है। आरोप है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से युवती की तरह-तरह की तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है।

परिवार पर बदनामी का साया

यह मामला थाना सुभाष नगर क्षेत्र के रोधी गांव की रहने वाली रूबी से जुड़ा है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को धोखेबाज प्रेमी ने जहर देकर मार डाला और अब उसके न रहने के बावजूद परिवार को सामाजिक रूप से बदनाम करने की साजिश रच रहा है। परिजनों के मुताबिक गांव का ही रहने वाला सूरज उनकी बेटी से प्यार का दिखावा करता था।

परिवार का कहना है कि सूरज ने कभी रूबी से शादी करने की बात नहीं कही, लेकिन जब-जब वे बेटी का रिश्ता कहीं और तय करने की कोशिश करते, तब-तब वह कोई न कोई अड़चन खड़ी कर देता था। इसी वजह से वे न तो बेटी की शादी कहीं और करा सके और न ही सूरज ने खुद उससे विवाह किया।

नदी किनारे रची गई साजिश

आरोप है कि बीते 28 अप्रैल को सूरज रूबी को बहला-फुसलाकर रामगंगा नदी के किनारे ले गया, जहां दोनों ने मिलकर जहर खाकर जान देने की योजना बनाई। बताया जाता है कि सूरज अपने और रूबी, दोनों के लिए जहर लेकर पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि उसने रूबी को तो जहर दे दिया, मगर खुद नहीं खाया।

परिवार का कहना है कि बेटी की हत्या करने के बाद सूरज मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम तो करवाया, लेकिन अब तक उसके खिलाफ कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों का मानना है कि इसी वजह से आरोपी के हौसले और बुलंद हो गए हैं।

AI से बनाई जा रही तस्वीरें

परिजनों का सबसे गंभीर आरोप यह है कि रूबी की मौत के बाद भी सूरज उसे और परिवार को समाज में बदनाम करने में जुटा है। वह सोशल मीडिया पर तरह-तरह की पोस्ट वायरल करता है, ताकि समाज में परिवार की छवि धूमिल हो।

आरोप है कि वह AI के जरिए रूबी की तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर डालता है और दावा करता है कि रूबी जीते जी भी उसकी थी और मरने के बाद उसकी आत्मा भी उसी के साथ रहती है। परिवार के अनुसार वह कई बार युवती के 'भूत' जैसी तस्वीरें तैयार कर वायरल करता है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंच रहा है।

एसएसपी से कठोर कार्रवाई की मांग

लगातार हो रही बदनामी और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर रूबी के परिजनों ने अब एसएसपी बरेली से मुलाकात की है। उन्होंने आरोपी सूरज के खिलाफ सख्त और कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग रखी है, ताकि उन्हें इंसाफ मिल सके और परिवार को इस प्रताड़ना से राहत मिल पाए।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/bareilly-man-shared-ai-photo-of-his-dead-girlfriend-on-social-media-family-get-disturbed-10555270.html