प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का जो रिकॉर्ड अब तक पंडित जवाहर लाल नेहरू के नाम था, उसे अब मोदी ने पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही वह देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। 9 जून 2024 को मोदी ने एनडीए के तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और इसी के साथ उनके सत्ता में रहने के 12 साल भी पूरे हो चुके हैं।
62 साल बाद टूटा नेहरू का रिकॉर्ड
नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए हैं। इस उपलब्धि के साथ वह सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। देश में पहले आम चुनाव 1952 में हुए थे, जिसके बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू मई 1952 में पहली बार चुने हुए प्रधानमंत्री बने थे और 27 मई 1964 तक इस पद पर रहे। नेहरू ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कुल 4 हजार 398 दिन तक देश की कमान संभाली, लेकिन अब मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू के इस आंकड़े को भी पार कर गए हैं।
मंदिरों में होगी विशेष पूजा-अर्चना
इस खास मौके पर आज देशभर में कई धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रधानमंत्री मोदी के लिए मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। मोदी की इस सफलता को लेकर दिल्ली की सड़कों पर जगह-जगह उनके बड़े-बड़े होर्डिंग भी लगाए गए हैं।
https://www.indiatv.in/india/politics/narendra-modi-becomes-india-longest-serving-pm-nda-to-honour-him-live-updates-1224084