लॉर्ड्स टेस्ट में न्यूजीलैंड को हराकर मिली जीत का जश्न उस वक्त बड़े विवाद में तब्दील हो गया, जब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन चेल्सी स्थित एक वीआईपी नाइटक्लब में 'सारेसेंस' (Saracens) क्लब के एक ताकतवर रग्बी खिलाड़ी से उलझ गए। सामने आई रिपोर्ट्स के अनुसार, 125 किलो वजन और 6 फीट 5 इंच कद वाले इस रग्बी खिलाड़ी ने गस एटकिंसन पर जोरदार और जानलेवा मुक्का जड़ दिया था।
इस घटना के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि दोनों सीनियर क्रिकेटरों पर दूसरे टेस्ट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
विवाद के केंद्र में कौन है यह रग्बी खिलाड़ी?
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट की मानें तो इस पूरे बवाल के बीचोबीच जो रग्बी खिलाड़ी है, उसका नाम टोटोआ औवा (Totoa Auvaa) है। 21 साल का यह खिलाड़ी 'सारेसेंस' रग्बी क्लब के एकेडमी सिस्टम से जुड़ा हुआ है।
टोटोआ औवा कोई मामूली खिलाड़ी नहीं हैं। उनका कद 6 फीट 5 इंच है और वजन करीब 125 किलोग्राम के आसपास है। वह समोआ की अंडर-20 और समोआ 'ए' टीम की कप्तानी भी संभाल चुके हैं और उन्हें रग्बी की दुनिया का उभरता हुआ सितारा माना जाता है।
कैसा रहा है औवा का करियर?
टोटोआ औवा मूल रूप से एक पेशेवर रग्बी खिलाड़ी हैं और रग्बी यूनियन में 'लॉक' पोजीशन पर खेलते हैं। अगस्त 2025 में उन्हें इंग्लैंड के प्रतिष्ठित रग्बी क्लब सैरासेंस की सीनियर एकेडमी में शामिल किया गया था।
इससे पहले वह अंडर-20 स्तर पर भी अपना दमखम दिखा चुके हैं और 'वर्ल्ड रग्बी अंडर-20 ट्रॉफी' जैसे बड़े टूर्नामेंट का हिस्सा रह चुके हैं।
https://hindi.news18.com/cricket/who-is-totoa-auvaa-125kg-rugby-player-clashed-with-england-cricketers-ben-stokes-and-gus-atkinson-at-a-nightclub-10555069.html