इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स इन दिनों एक गंभीर विवाद में उलझ गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट जीतने के जश्न में एक नाइटक्लब पहुंचना उनके लिए महंगा साबित हुआ है। क्लब में हुए झगड़े से जुड़े होने के कारण इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के खिलाफ जांच बैठा दी है। मामला इस कदर तूल पकड़ चुका है कि अब स्टोक्स के सामने न केवल कप्तानी छोड़ने, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पूरी तरह अलविदा कहने तक की चर्चा होने लगी है।
संन्यास की ओर बढ़ता स्टोक्स का मन
रविवार रात लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 115 रनों से शिकस्त देकर शानदार जीत हासिल की थी। इस यादगार जीत के बाद सोमवार सुबह कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन एक नाइटक्लब में मौजूद थे। रिपोर्ट्स के अनुसार इसी क्लब में एक घटना घटी, जिसमें कथित तौर पर मारपीट तक की नौबत आ गई। ब्रिटिश मीडिया 'टॉकस्पोर्ट' का दावा है कि इस घटनाक्रम के बाद स्टोक्स क्रिकेट से संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं।
ईसीबी ने बैठाई जांच
मामला सामने आते ही इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) तुरंत सक्रिय हो गया। बोर्ड ने टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर जांच शुरू कर दी है। ईसीबी ने अपने बयान में कहा कि वह फिलहाल इस घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी एकत्र कर रहा है। इस विवाद में कथित रूप से एक रग्बी खिलाड़ी का नाम भी जुड़ रहा है। बोर्ड ने पूरे मामले की जानकारी 'क्रिकेट रेगुलेटर' तक पहुंचा दी है। साथ ही यह भी कहा गया है कि दूसरे टेस्ट के लिए टीम का ऐलान उचित समय पर किया जाएगा।
रग्बी खिलाड़ियों से हुई थी तकरार
रिपोर्ट्स की मानें तो रविवार को टेस्ट में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन देर रात एक नाइटक्लब में जश्न में डूबे थे। उसी क्लब में इंग्लैंड के रग्बी क्लब 'सैरासन्स' के खिलाड़ी भी अपने सीजन के समापन की खुशी मना रहे थे। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस छिड़ गई, जो इतनी बढ़ गई कि रग्बी टीम के एक एकेडमी खिलाड़ी ने एटकिंसन पर मुक्का जड़ दिया। एटकिंसन तो वक्त रहते पीछे हट गए, लेकिन वह मुक्का वहां मौजूद उनके सुरक्षा अधिकारी को जा लगा। हालांकि सामने आई जानकारी के मुताबिक पूरी घटना में क्रिकेटरों की कोई गलती नहीं थी और आक्रामकता की शुरुआत रग्बी खिलाड़ी की ओर से ही हुई थी।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/ben-stokes-likely-to-leave-england-captaincy-and-retire-from-test-cricket-amid-nightclub-controversy-2026-06-09-1224062