सहारनपुर, मेरठ और वाराणसी समेत 34 जिलों में बरसेंगे बादल, जानिए अपने इलाके का मौसम

उत्तर प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 34 जिलों में आंधी और हल्की बारिश की चेतावनी जारी हुई है, जबकि कई इलाकों में हीट वेव को लेकर भी अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 18 जून के बाद कभी भी मानसून दस्तक दे सकता है।

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अब तक पड़ रही तेज धूप की जगह आसमान में काले और घने बादल मंडराते दिखाई देंगे। दरअसल, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है, जिसके असर से कई जिलों में आंधी और गरज-चमक के साथ सामान्य बारिश के आसार बन गए हैं। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

राज्य में कहीं गरज-चमक के साथ आंधी चलने तो कहीं छिटपुट और सामान्य बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी क्रम में मानसून को लेकर भी एक अहम जानकारी सामने आई है।

कब आएगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में 18 जून के बाद कभी भी मानसून की दस्तक हो सकती है। इसके बाद बारिश का सिलसिला शुरू होगा और लोगों को लू तथा चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, इससे पहले लोगों को कुछ और दिन गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

इन 34 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक जिन जिलों में आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, वे इस प्रकार हैं:

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, पीलीभीत, खीरी, शाहजहांपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और औरेया।

इन जिलों में हीट वेव की चेतावनी

वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में लोगों को अभी भी भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी। कानपुर देहात, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, कानपुर, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज और संतरविदासनगर में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lucknow-up-aaj-ka-mausam-live-monsoon-update-rain-thunderstorm-wind-imd-yellow-alert-gorakhpur-varanasi-agra-meerut-local18-10555153.html