मध्य प्रदेश के गुना जिला मुख्यालय की पुलिस लाइन परिसर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सिटी कोतवाली थाने में तैनात 25 वर्षीय महिला आरक्षक निशा शर्मा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मंगलवार दोपहर उन्होंने अपने शासकीय क्वॉर्टर के भीतर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
निशा शर्मा गुना पुलिस लाइन के एक सरकारी क्वॉर्टर में अकेली रहती थीं। मंगलवार सुबह जब उनके घर काम करने वाली महिला पहुंची, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने कई बार कुंडी खटखटाई, मगर भीतर से कोई जवाब नहीं आया। किसी तरह की हलचल न होने पर वह लौट गई।
दोपहर करीब 12 बजे तक भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई। पड़ोस में रहने वाले अन्य पुलिसकर्मियों के परिवारों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए कैंट पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया, जहां कमरे में निशा का शव पंखे के सहारे बेडशीट के फंदे से लटका हुआ मिला।
छुट्टी से लौटने के तुरंत बाद उठाया कदम
शुरुआती जांच में सामने आया कि निशा शर्मा मूल रूप से पड़ोसी जिले अशोकनगर की रहने वाली थीं। वह दो दिन की छुट्टी लेकर अपने घर अशोकनगर गई थीं और सोमवार शाम को ही गुना लौटकर ड्यूटी पर हाजिर हुई थीं। ड्यूटी पर लौटने के महज कुछ ही घंटों के भीतर उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल यह सवाल एक रहस्य बना हुआ है।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। कैंट थाना पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर मर्ग कायम कर लिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की सूचना निशा के परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल कैंट पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/guna-police-female-constable-gave-up-life-at-government-quarters-after-returning-from-leave-department-shocked-local18-10555076.html