शेफाली जरीवाला की याद में श्मशान घाट पहुंचे पति पराग त्यागी, आत्माओं से बातचीत का दावा कर हुए भावुक

पत्नी शेफाली जरीवाला के निधन के लगभग एक साल बाद पराग त्यागी मोदीनगर के एक श्मशान घाट पहुंचे और वहां आत्माओं की मौजूदगी महसूस करने का दावा किया। अपने व्लॉग में उन्होंने इस पूरे अनुभव को साझा किया, जिस पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

मशहूर अभिनेत्री शेफाली जरीवाला के निधन को करीब एक साल बीत चुका है, लेकिन उनके पति पराग त्यागी आज भी उन्हें भुला नहीं पाए हैं। सोशल मीडिया पर वह अकसर उनकी तस्वीरें साझा करते रहते हैं और अपने प्यार का इजहार करते हैं। हाल ही में टीवी अभिनेता पराग ने एक ऐसा खुलासा किया है जिसने सबको चौंका दिया—उन्होंने एक श्मशान घाट में आत्माओं से बात करने का दावा किया है।

अब तक नहीं भूल पाए पराग

शेफाली जरीवाला का निधन 27 जून 2025 को हुआ था। इस दुनिया से उनकी विदाई को लगभग एक साल हो चुका है, पर पराग त्यागी के दिल से उन्हें खोने का गम आज तक नहीं निकला है। निधन के बाद से वह किसी न किसी बहाने लगातार अपनी पत्नी को याद करते रहते हैं और उनसे जुड़ी बातें साझा करते हैं।

श्मशान घाट के वीडियो से मचा हड़कंप

पराग ने अपने यूट्यूब व्लॉग में बताया कि वह हाल ही में मोदीनगर के एक श्मशान घाट गए थे। वहां उन्हें एक अलग तरह की शांति और सुकून का अनुभव हुआ। हालांकि जब वहां बिताते हुए उनका काफी समय हो गया, तो उन्हें एक अजीब-सी ऊर्जा महसूस होने लगी। उनके मुताबिक उस दौरान उन्हें वहां कुछ अजीब हलचल और आवाजें भी सुनाई दीं।

पत्नी को याद कर भावुक हुए पराग

पराग ने वीडियो में वहां मौजूद आत्माओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह किसी को परेशान करने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि वहां जो भी आत्माएं हैं, वे जहां कहीं भी हों, खुश और शांति से रहें।

इसी दौरान उन्होंने श्मशान घाट में लगी भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन की एक पेंटिंग भी दिखाई। इसे देखकर पराग भावुक हो उठे और कहा कि नारायण उनके साथ हैं। पत्नी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 'परी' भी उनके साथ हैं, इसलिए उन्हें किसी बात का कोई डर नहीं है।

लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

पराग के इस वीडियो पर दर्शक खूब प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग उन्हें श्मशान घाट के बजाय मंदिरों में जाने की सलाह दे रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स ने वीडियो को डरावना बताते हुए उनसे ऐसे कंटेंट की जगह धार्मिक और प्रेरणादायक वीडियो बनाने की अपील की है। पराग सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से अपने अनुभव और भावनाएं लगातार लोगों के साथ साझा कर रहे हैं।

https://hindi.news18.com/news/entertainment/viral-social-parag-tyagi-visit-cremation-ground-12-months-after-shefali-jariwala-death-feels-negative-energy-ws-l-10554976.html