फीफा वर्ल्ड कप 2026 इतिहास के पन्नों में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। ऑस्ट्रिया के गोलकीपर फ्लोरियन विगेले अपने नाम एक खास उपलब्धि दर्ज करने वाले हैं। टूर्नामेंट के 96 साल लंबे इतिहास में वह सबसे लंबे कद वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
कितनी है विगेले की लंबाई
ऑस्ट्रियाई गोलकीपर फ्लोरियन विगेले की लंबाई 6 फीट 9.5 इंच यानी 2.05 मीटर है। इसी विशाल कद के दम पर वह वर्ल्ड कप के मंच पर अब तक के सबसे लंबे खिलाड़ी का तमगा हासिल करेंगे। क्लब स्तर पर विगेले चेक फर्स्ट डिविजन में विक्टोरिया प्लजेन की ओर से खेलते हैं।
किसका रिकॉर्ड टूटेगा
मौजूदा समय में वर्ल्ड कप खेलने वाले सबसे लंबे खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड डच गोलकीपर एंड्रीस नोपर्ट के नाम है, जिनकी लंबाई 2.03 मीटर है। कतर वर्ल्ड कप तक वही टीम के सबसे लंबे खिलाड़ी बने हुए थे। इस सूची में इंग्लैंड के पीटर क्राउच (2.01 मीटर) और स्वीडन के ज्लाटन इब्राहिमोविच (1.95 मीटर) जैसे नाम भी शामिल रहे हैं।
अब तक का अंतरराष्ट्रीय अनुभव
विगेले के पास अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीमित अनुभव है। उन्होंने इसी साल मार्च में घाना के खिलाफ खेले गए एक फ्रेंडली मुकाबले में अपना इकलौता इंटरनेशनल मैच खेला है। ऑस्ट्रियाई टीम में वह अलेक्जेंडर श्लागर और पैट्रिक पेंट्ज के बाद तीसरे नंबर के गोलकीपर के रूप में मौजूद हैं।
किस ग्रुप में है ऑस्ट्रिया
इस बार वर्ल्ड कप का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है और इसमें कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 12 ग्रुप में बांटा गया है। 48 टीमों वाले इस रोमांचक प्रारूप में ऑस्ट्रिया को 'ग्रुप जे' में रखा गया है, जहां उसका सामना मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना के साथ-साथ अल्जीरिया और जॉर्डन से होगा।
https://hindi.news18.com/news/sports/football-florian-wiegele-ready-to-creates-history-in-fifa-world-cup-set-to-becomes-longest-footballer-in-the-tournament-10555028.html