क्रिकेट जगत में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जिसने मजबूत मानी जाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को करारा झटका दिया है. ढाका में खेले गए सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत कंगारू टीम को 86 रनों से शिकस्त देकर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. इस हार के बाद जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम की चारों ओर आलोचना हो रही है, वहीं कार्यवाहक कप्तान जोश इंग्लिस ने टीम के निराशाजनक प्रदर्शन पर खुलकर बात की.
21 साल बाद बांग्लादेश की ऐतिहासिक जीत
बांग्लादेश क्रिकेट के लिए यह जीत किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया पर यह कामयाबी पूरे 21 साल बाद आई है. वनडे इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह बांग्लादेश की सिर्फ दूसरी जीत है. इससे पहले 18 जून 2005 को कार्डिफ के मैदान पर बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से मात दी थी.
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 23 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से 20 मैचों में ऑस्ट्रेलिया विजयी रहा है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा. लेकिन ढाका के इस मुकाबले में बांग्लादेश ने आंकड़ों का पुराना सिलसिला तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया.
हार पर क्या बोले जोश इंग्लिस?
इस शर्मनाक हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंग्लिस ने टीम के कमजोर खेल पर निराशा जाहिर की. उन्होंने स्वीकार किया कि मैदान पर 4-5 कैच टपकाना और बल्लेबाजों का बड़ी साझेदारी न बना पाना ही हार की प्रमुख वजहें रहीं.
हालांकि इस करारी शिकस्त के बावजूद इंग्लिस ने हिम्मत नहीं हारी और अगले मुकाबले में मजबूत वापसी का भरोसा जताया है. उनका मानना है कि गलतियों को सुधारकर टीम अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है.
https://hindi.news18.com/cricket/josh-inglis-statement-after-shameful-defeat-against-bangladesh-in-1st-odi-slams-poor-batting-performance-bay-team-10554943.html