5 फिल्मों के बाद से गायब अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन ने छोड़ी एक्टिंग? 4 साल बाद खुद बताई असली वजह

लंबे अरसे से किसी फिल्म में न दिखने वाले हर्षवर्धन कपूर ने इंडस्ट्री छोड़ने की अफवाहों पर सीधा जवाब दिया है और अपने आने वाले प्रोजेक्ट की जानकारी भी फैन्स के साथ साझा की है।

अनिल कपूर के बेटे और अभिनेता हर्षवर्धन कपूर को काफी समय से किसी फिल्म में नहीं देखा गया है और वह आम तौर पर लाइमलाइट से दूरी बनाए रखते हैं। पर्दे पर वह आखिरी बार अपने पिता अनिल कपूर के साथ 'थार' में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने अभिनेता और निर्माता दोनों की भूमिका निभाई थी। तब से उनके किसी नए प्रोजेक्ट की कोई खबर सामने नहीं आई, जिसके चलते यह कयास लगने लगे कि उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक फैन ने इसी बात का जिक्र किया, जिस पर अभिनेता ने अपने X प्रोफाइल से जवाब देते हुए साफ किया कि उन्होंने न तो इंडस्ट्री छोड़ी है और न ही एक्टिंग को अलविदा कहा है।

हर्षवर्धन ने अफवाहों पर दी सफाई

अभिनय छोड़ने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए हर्षवर्धन ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मैंने काम से बिल्कुल भी ब्रेक नहीं लिया है। 'थार' के रिलीज होने के बाद से ही मैं लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा हूं। 'थार' को बनने में 5 साल लग गए थे। विक्रम को 'भावेश' बनाने में कई साल लगे और मुझे भी इस नई फिल्म को पूरा करने में 2-3 साल लगे हैं, जिसकी शूटिंग मैं 30 जून को खत्म कर लूंगा। इस फिल्म को मैं प्रोड्यूस भी कर रहा हूं। मुझे लगता है कि लोगों को यह आदत पड़ गई है कि एक्टर एक ही साल में कई फिल्में करते हैं। लेकिन अगर आपको 'भावेश', 'थार', 'AK vs AK' या 'रे' जैसी फिल्में चाहिए, तो ऐसा साल में एक या दो बार ही मुमकिन है, यही सच्चाई है। फिर भी आप सभी का शुक्रिया, मेरी नई फिल्म अब तक की सबसे बेहतरीन फिल्म है, यह 100% बेहद अनोखी है।'

'मैं जैसी फिल्में चाहता हूं, वे आसानी से नहीं बनतीं'

एक अन्य ट्वीट में हर्षवर्धन ने बताया कि वह जिस तरह की फिल्में करना चाहते हैं, वे आसानी से तैयार नहीं होतीं। दरअसल एक यूजर ने उनसे कहा कि अब तक आई उनकी फिल्मों में से कोई भी 'मास्टरक्लास' नहीं रही, जिस पर अभिनेता ने जवाब दिया, 'मैं यह नहीं कह रहा कि वे वैसी थीं। अगर आपको या किसी और को लगता है कि वे फिल्में अच्छी नहीं थीं या उनमें कुछ खास नहीं था, तो यह पूरी तरह ठीक है, असल बात यह नहीं है... बात यह है कि मैं असल में ऐसी ही फिल्में करना चाहता हूं और जिस तरह की फिल्में मैं करना चाहता हूं, उन्हें बनाना आसान नहीं होता... बस यही बात है... इसलिए मैं अपनी सोच पर कायम हूं... कुछ लोगों को ये पसंद आती हैं और कुछ को नहीं, और यह ठीक है।'

अभिनव बिंद्रा की बायोपिक ठंडे बस्ते में

इसी बातचीत के दौरान हर्षवर्धन ने भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा पर बनने वाली बायोपिक को लेकर भी अपडेट दिया। जब एक फैन ने पूछा कि क्या अभिनव बिंद्रा की बायोपिक बन रही है, तो अभिनेता ने बताया कि फिलहाल इस फिल्म को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। यानी अभी दर्शक इस फिल्म को नहीं देख सकेंगे।

हर्षवर्धन कपूर का करियर

हर्षवर्धन कपूर के करियर की बात करें तो उन्होंने रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा की फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने साल 2016 में फिल्म 'मिर्ज्या' से बतौर अभिनेता डेब्यू किया, जो बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी। दो साल बाद उन्होंने विक्रमादित्य मोटवाने की फिल्म 'भावेश जोशी सुपरहीरो' में मुख्य भूमिका निभाई और इसके बाद वह 'AK vs AK' तथा OTT फिल्म 'थार' में नजर आए।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/anil-kapoor-son-harsh-varrdhan-kapoor-addresses-bollywood-exit-rumours-says-havent-stepped-back-at-all-2026-06-09-1224044