OpenAI ने IPO के लिए SEC में जमा कराए शुरुआती गोपनीय दस्तावेज, अमेरिकी बाजार में मेगा आईपीओ की तैयारी

एआई क्षेत्र की दिग्गज कंपनी OpenAI ने अमेरिकी बाजार नियामक SEC के पास प्रारंभिक गोपनीय दस्तावेज दाखिल किए हैं। हालांकि कंपनी ने अभी आईपीओ की तारीख तय नहीं की है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र की प्रमुख अमेरिकी कंपनी OpenAI ने अपने आईपीओ की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अमेरिकी बाजार नियामक SEC के पास प्रारंभिक गोपनीय दस्तावेज जमा करा दिए हैं। मशहूर एआई चैटबॉट ChatGPT तैयार करने वाली इस कंपनी का यह फैसला ऐसे दौर में सामने आया है, जब एआई से जुड़ी बड़ी कंपनियां तेजी से अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की ओर बढ़ रही हैं। कंपनी ने सोमवार को एक बयान जारी कर बताया कि उसने अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (SEC) के पास गोपनीय शुरुआती कागजात दाखिल कर दिए हैं।

आईपीओ की तारीख पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उसके आईपीओ की तारीख को लेकर अब तक कोई आखिरी फैसला नहीं किया गया है। OpenAI के मुताबिक, "हमें अंदेशा है कि यह जानकारी सार्वजनिक हो जाएगी, इसलिए हम खुद ही इसे साझा कर रहे हैं। फिलहाल हमने इसका समय निर्धारित नहीं किया है, क्योंकि कुछ काम ऐसे होते हैं जिन्हें एक निजी कंपनी के तौर पर अंजाम देना अधिक सरल रहता है। यह एक पेचीदा निर्णय है, पर इससे हमारे पास यह विकल्प बना रहता है कि जरूरत पड़ने पर हम जल्दी सार्वजनिक हो सकें।" गौरतलब है कि OpenAI की प्रतिद्वंद्वी कंपनी Anthropic ने भी जून के आरंभ में आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल किए थे।

इलॉन मस्क की SpaceX भी आईपीओ की राह पर

इसी क्रम में इलॉन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी SpaceX भी एआई-केंद्रित रणनीति के तहत संभावित आईपीओ की तैयारी में लगी है। OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने पिछले वर्ष आईपीओ को 'सबसे संभावित विकल्प' करार देते हुए कहा था कि बड़े स्तर पर एआई तकनीक विकसित करने के लिए विशाल पूंजी की आवश्यकता पड़ती है। वर्ष 2015 में एक गैर-लाभकारी संस्था के रूप में अपनी शुरुआत करने वाली OpenAI आज करीब 852 अरब अमेरिकी डॉलर की वैल्यूएशन वाली कंपनी का दर्जा हासिल कर चुकी है।

घाटे के बावजूद प्रतिस्पर्धियों से कड़ी टक्कर

OpenAI ने अब तक अपनी आय या मुनाफे को लेकर विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है। भारी-भरकम कंप्यूटिंग खर्च के चलते घाटे में रहने के बावजूद कंपनी Anthropic जैसी प्रतिस्पर्धी कंपनियों को कड़ी चुनौती दे रही है। ऑल्टमैन ने एक अलग बयान में कहा कि कंपनी का उद्देश्य एक स्वचालित एआई शोधकर्ता तैयार करना, आर्थिक विकास की रफ्तार बढ़ाना और हर व्यक्ति तक निजी आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) पहुंचाना है। उनके अनुसार एजीआई कई प्रकार के कार्यों में इंसानों के बराबर या उनसे बेहतर क्षमता रखेगा और प्रत्येक व्यक्ति के लिए व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध रहेगा।

https://www.indiatv.in/paisa/ipo/openai-has-filed-ipo-documents-with-the-sec-a-wave-of-mega-ipos-is-set-to-hit-the-us-market-2026-06-09-1224008