शेरे बांग्ला स्टेडियम, ढाका में 9 जून को बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक भिड़ंत में DLS नियम के तहत मेजबान बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 86 रनों से शिकस्त देकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मैच के दौरान बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंगलिस आमने-सामने आ गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इंगलिस इस मुकाबले में सिर्फ 19 रन ही बना सके।
राणा और इंगलिस के बीच तीखी बहस
यह पूरा वाकया ऑस्ट्रेलिया की पारी के 11वें ओवर में सामने आया। ओवर की पहली गेंद नाहिद राणा ने करीब 148 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डाली, जिस पर उन्हें अतिरिक्त उछाल मिली। जोश इंगलिस ने इस गेंद पर शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए सीधे विकेटकीपर लिटन दास के दस्तानों में समा गई और इंगलिस 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यह विकेट मिलते ही नाहिद राणा बेहद उत्साहित हो उठे और आक्रामक अंदाज में जश्न मनाने लगे। इसी बीच दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मैदान का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। हालांकि बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने फौरन बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद खेल फिर से शुरू हो सका।
मार्श की गैरमौजूदगी में कप्तानी संभाल रहे इंगलिस
नाहिद राणा का यह विकेट बांग्लादेश के लिए बेहद कीमती रहा, क्योंकि उस वक्त ऑस्ट्रेलियाई टीम लगातार विकेट गिरने से दबाव में थी। इंगलिस के आउट होते ही मेजबान टीम को मुकाबले पर और मजबूत पकड़ बनाने का मौका मिल गया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई और आखिरकार उसे हार का सामना करना पड़ा। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान मिचेल मार्श इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं और उनकी अनुपस्थिति में टीम की कमान जोश इंगलिस के हाथों में है।
मोसद्देक हुसैन की मैच विजयी पारी
मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 284 रन बनाए। टीम को नजमुल हुसैन शांतो (86 गेंदों पर 67 रन) और तंजीद हसन तमीम (44 गेंदों पर 54 रन की तेज पारी) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। वहीं मोसद्देक हुसैन ने 70 गेंदों में नाबाद 86 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभाई। खास बात यह रही कि मोसद्देक 4 साल बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे थे और इस शानदार पारी के लिए उन्हें मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/bangladesh-pacer-nahid-rana-gives-aggresive-send-off-to-captain-josh-inglis-in-first-odi-bangladesh-vs-australia-watch-video-2026-06-09-1224050