मंडी में दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो दोस्तों की मौत, एक की हालत नाजुक

हिमाचल के मंडी में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर एक ही बाइक पर सवार तीन दोस्तों की बाइक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

हिमाचल प्रदेश के मंडी में तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो युवकों की जान ले ली, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा नेशनल हाईवे पर उस वक्त हुआ, जब एक ही बाइक पर सवार तीन दोस्त आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराए। मरने वाले दोनों युवक मंडी के रहने वाले थे, जबकि घायल युवक सोलन का निवासी है।

कब और कहां हुआ हादसा

यह घटना चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर नागचला और डडौर के बीच आज मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुई। तीनों युवक मंडी से सुंदरनगर की ओर जा रहे थे। नागचला से आगे बढ़ते ही उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर ही एक की मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में 21 वर्षीय प्रदीप कुमार, पुत्र बीरबल सिंह, निवासी गांव पपलेड़ा, डाकघर मराथु, तहसील सदर, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय राजीव कुमार, पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव व डाकघर मराथु, तहसील सदर, जिला मंडी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल तीसरे युवक मनोज, निवासी सोलन खेड़ा, की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों आपस में दोस्त थे और आईटीआई व सीटीआई की पढ़ाई कर रहे थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इकलौता बेटा था राजीव

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले प्रदीप और राजीव दोनों सदर क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि राजीव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन है। वहीं प्रदीप का एक छोटा भाई भी है, जो पंजाब से सीटीआई कर रहा था।

दोनों युवकों का आज शाम ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/mandi-national-highway-bike-truck-accident-2-died-local18-10554807.html