नींबू-अदरक का राजस्थानी अचार: एक बार बनाएं और पूरे साल चखें दादी-नानी वाला खट्टा-तीखा स्वाद

राजस्थानी अंदाज में तैयार नींबू-अदरक का अचार अपने खट्टे, चटपटे और मसालेदार स्वाद के कारण हर किसी की पसंद बनता है। इसे एक बार बनाकर सालभर मजे से खाया जा सकता है।

घर के पारंपरिक स्वाद की बात आते ही दादी-नानी के हाथों के बने अचार सबसे पहले याद आते हैं। ऐसा ही एक खास स्वाद है राजस्थानी शैली में बनने वाले नींबू-अदरक के अचार का, जो अपने खट्टे, तीखे और मसालेदार स्वभाव के लिए हर भोजन की थाली में खास जगह बना लेता है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे एक बार तैयार करके पूरे साल आराम से खाया जा सकता है।

कौन-सी सामग्री बनाती है इसे खास

फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा के मुताबिक, इस अचार को बनाने में रसीले नींबू, ताजी अदरक और परंपरागत मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। यही ताजी और शुद्ध सामग्री अचार को वह असली घरेलू स्वाद देती है, जिसकी तुलना बाजार में मिलने वाले किसी भी अचार से नहीं की जा सकती।

बनाने की विधि

सबसे पहले नींबू और अदरक को अच्छी तरह साफ करके सुखाया जाता है और फिर इन्हें काट लिया जाता है। इसके बाद कटे हुए नींबू और अदरक को नमक तथा मसालों के साथ मिलाया जाता है और ऊपर से ताजा नींबू का रस डाला जाता है, जिससे अचार का खट्टापन और निखर कर आता है।

धूप में पकने से आता है असली स्वाद

तैयार मिश्रण को कांच के जार में भरकर 7 से 10 दिनों तक धूप में रखा जाता है। इस दौरान नींबू का छिलका धीरे-धीरे नरम हो जाता है और मसालों का स्वाद उसमें पूरी तरह समा जाता है। यही प्रक्रिया इस अचार को वह गहरा और चटपटा स्वाद देती है, जो हर निवाले को यादगार बना देता है।

https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-know-the-recipe-of-rajasthani-nimbu-ka-achaar-local18-10554301.html