बोकारो का बेहतरीन पर्यटन स्थल कोनार डैम, गर्मियों में ठंडी हवाओं के बीच उठाएं बोटिंग का लुत्फ, छात्रों को 50% की छूट

बोकारो और हजारीबाग की सीमा पर बसा कोनार डैम प्राकृतिक सुंदरता, ठंडी हवाओं और रोमांचक बोटिंग का अनूठा संगम है। यहां स्कूली छात्रों को समूह में आने पर किराए में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाती है।

गर्मियों की छुट्टियों में अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ किसी शांत और रोमांचक जगह की तलाश में हैं, तो बोकारो और हजारीबाग की सीमा पर स्थित कोनार डैम आपके लिए शानदार विकल्प साबित हो सकता है। यहां प्राकृतिक खूबसूरती, ठंडी हवाओं और पानी की लहरों के बीच आप रोमांचक बोटिंग का भरपूर आनंद उठा सकते हैं।

2020 से चल रही है बोटिंग की सुविधा

यहां के नौका विहार संचालक धीरज लहरी बताते हैं कि इस स्थान पर 2020 से बोटिंग की सुविधा संचालित की जा रही है। गर्मी के मौसम में डैम की सुंदरता और भी निखर जाती है। पर्यटकों के लिए यहां तीन तरह की बोटिंग का इंतजाम मौजूद है।

तीन तरह की नौकाएं उपलब्ध

रोमांच के शौकीन लोगों के बीच हाई स्पीड बोट सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। वहीं परिवार, बच्चों और बुजुर्गों के लिए कश्मीरी शैली की शिकारा बोट खासी चर्चित है। इनके अलावा पारंपरिक चप्पू वाली नाव की सवारी का अनुभव भी यहां लिया जा सकता है।

नौकाओं का किराया

धीरज लहरी के अनुसार, हाई स्पीड बोट का किराया 100 रूपये प्रति व्यक्ति है, जबकि कश्मीरी शिकारा बोट के लिए 60 रूपये प्रति व्यक्ति चुकाने पड़ते हैं। वहीं चप्पू वाली नाव का किराया 100 रूपया प्रति व्यक्ति तय किया गया है।

इन नौकाओं के जरिए पर्यटकों को करीब 1 से 1.5 किलोमीटर तक जल भ्रमण कराया जाता है, जिसकी अवधि लगभग 10 से 15 मिनट तक रहती है।

समय और छात्रों के लिए विशेष छूट

पर्यटक रोजाना सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बोटिंग का मजा ले सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि अगर स्कूली छात्र अपने शिक्षकों के साथ समूह में यहां पहुंचते हैं, तो उन्हें किराए में 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जाती है।

वहीं 4 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए पूरा टिकट शुल्क लागू होता है।

पर्यटकों का अनुभव

नौका विहार का आनंद लेने पहुंचीं पर्यटक तिलकी देवी ने बताया कि कोनार डैम बेहद सुंदर पर्यटन स्थल है। यहां बोटिंग और वॉटर स्पोर्ट्स का अनुभव काफी रोमांचक रहा। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए यह एक शानदार जगह है।

https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/travel-bokaro-best-tourist-spot-enjoy-boating-amidst-cool-summer-breezes-discount-for-students-local18-10554481.html