लखनऊ में धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला, युवती को जबरन सीरिया ले जाने का आरोप

लखनऊ के PGI इलाके में 21 साल की एक युवती को धर्म बदलवाने, ब्लैकमेल करने और जबरन सीरिया ले जाने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि समय रहते कार्रवाई न होने से हालात बिगड़ गए।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के PGI इलाके में एक युवती के धर्म परिवर्तन, ब्लैकमेलिंग और जबरन भगाकर सीरिया ले जाने की घटना सामने आई है। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि उनकी 21 साल की बेटी को पास ही काम करने वाला इरशाद नाम का व्यक्ति सीरिया लेकर भाग गया है। मामला उजागर होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

आरोपी ने पीड़िता से बंधवाई थी राखी

इस वारदात को लेकर जो जानकारी सामने आई है, वह और भी चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि पिछले रक्षाबंधन पर इरशाद ने पीड़िता से बाकायदा राखी बंधवाई थी और इस दौरान फोटो भी खिंचवाई गई थी। इसके बाद आरोपी इसी तस्वीर को एडिट करके पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता ने पहले भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

21 मई से लापता है पीड़िता

सामने आई जानकारी के अनुसार, पीड़िता 21 मई से घर से गायब है। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते कदम उठाए होते तो यह नौबत ही नहीं आती। परिवार का आरोप है कि आरोपी इरशाद पीड़िता पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने और इस्लाम कबूल करने का दबाव बना रहा था, साथ ही उसे ब्लैकमेल भी कर रहा था। बेटी के अब तक न मिलने से परिजन बेहाल हैं। पिता पुलिस और कोर्ट के चक्कर काट रहे हैं, जबकि मां और छोटा भाई घर में बैठकर रोने को मजबूर हैं।

एक अन्य पीड़िता ने सुनाई आपबीती

दूसरी ओर, धर्म परिवर्तन से जुड़े एक अन्य मामले में पीड़िता ने अपनी आपबीती बयां की है। उसने बताया कि पहले उसे बरगलाया गया और फिर इस्लाम कबूल करने का दबाव डाला गया। आसिफ नाम के आरोपी ने छांगूर गैंग के जरिए उसे फंसाया और भावनात्मक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता का कहना है कि जब तक असलियत का पता चलता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। उसने कहा कि योगी जी तो संवेदनशील हैं, लेकिन कुछ अधिकारी कार्रवाई न करके ऐसे लोगों को प्रश्रय दे रहे हैं।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/uttar-pradesh-man-accused-of-conversion-blackmailing-and-forced-abduction-to-syria-of-a-girl-in-lucknow-2026-06-09-1224004