मां के ब्रह्मभोज के दौरान संपत्ति पर भिड़े दो भाई, बड़े भाई की गोली से छोटे की मौत

गोरखपुर के पिपराइच इलाके में मां के मृत्यु भोज के दौरान संपत्ति और खर्च को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया, जिसमें बड़े भाई ने छोटे भाई के सीने में गोली मार दी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण (बड़की रेतवाहिया) गांव में एक परिवार में मां की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार से जुड़े रीति-रिवाज चल रहे थे। मंगलवार दोपहर घर में मां के ब्रह्मभोज यानी मृत्यु भोज का आयोजन हो रहा था, जिसमें घर के चारों भाई और सभी रिश्तेदार मौजूद थे। लेकिन देखते ही देखते इस शोकपूर्ण माहौल ने एक खूनी मातम का रूप ले लिया।

खर्च और बंटवारे की बहस ने ली जान

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे ब्रह्मभोज में हुए खर्च और पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच बहस छिड़ गई। शुरुआती कहासुनी कुछ ही देर में बड़े विवाद में तब्दील हो गई और दोनों का गुस्सा इस हद तक बढ़ गया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गई। इसी दौरान बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा ने आवेश में आकर अपने छोटे भाई शुभम के सीने में गोली दाग दी।

अस्पताल में शुभम ने तोड़ा दम

गोली लगते ही शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, मगर वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और सन्नाटा छा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

मौके से फरार हुआ बड़ा भाई

गोली चलाने के तुरंत बाद आरोपी बड़ा भाई दुर्गविजय मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पिपराइच थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में ब्रह्मभोज के आयोजन को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/dispute-during-mothers-post-death-feast-elder-brother-shoots-younger-brother-dead-2026-06-09-1224005