मीठे के शौकीन लोगों के लिए यहां एक खास मिठाई की रेसिपी पेश है, जिसे बनाने में न तो चीनी की जरूरत पड़ती है और न ही घी की। खास बात यह है कि सिर्फ 1 गिलास दूध से पूरी मिठाई बनकर तैयार हो जाती है और इसमें मावा डालने की भी कोई आवश्यकता नहीं होती। घर पर अचानक मेहमान आ जाएं तो आप इसे उनके पहुंचने से 5 मिनट पहले भी झटपट बना सकते हैं। बेहद कम समय में तैयार होने वाली यह मिठाई स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिहाज से भी बढ़िया है। आइए जानते हैं इसे बनाने का पूरा तरीका।
बिना चीनी, घी और मावा के ऐसे बनाएं स्वादिष्ट बर्फी
पहला चरण
सबसे पहले 1 गिलास फुल क्रीम दूध लें। गैस चालू करके एक कड़ाही में यह दूध डाल दें। अब इसमें एक कटोरी गुड़ का पाउडर यानी जैगरी पाउडर मिलाएं और लगातार चलाते हुए इसे अच्छी तरह उबाल लें। इसके बाद अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स को बारीक काटकर इसमें मिला दें।
दूसरा चरण
अब एक मिक्सर जार में आधा कटोरी काजू और एक कटोरी नारियल का पाउडर डालें। दोनों चीजों को एक साथ पीस लें और किसी बाउल में निकाल लें। इसमें एक कटोरी मिक्स पाउडर मिलाएं। फिर इन सभी चीजों को गर्म दूध में डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
तीसरा चरण
इसके बाद गैस की फ्लेम तेज कर दें और मिश्रण को लगातार चलाते हुए पकाते रहें। कुछ ही देर में तैयार किया गया डो कड़ाही छोड़ने लगेगा। इस अवस्था में गैस बंद कर दें और मिश्रण को घी लगी प्लेट में डालकर अच्छी तरह सेट कर दें। अगर आप बटर पेपर लगाकर सेट करेंगे तो मिठाई और भी आसानी से निकलेगी। अब इसे 1 घंटे के लिए ठंडा होने रख दें।
चौथा चरण
ठंडा होने के बाद तैयार मिठाई को डिमोल्ड कर लें और अपनी पसंद के आकार में काट लें। लीजिए, बिना मावा, बिना घी और बिना चीनी की हेल्दी बर्फी तैयार है। इसे आप कभी भी बनाकर खा सकते हैं। घर में मेहमानों के आने पर या बच्चों का मीठा खाने का मन हो तो यह बर्फी बनाकर खिलाई जा सकती है।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/prepare-a-full-plate-of-sweets-using-just-one-glass-of-milk-no-sugar-or-ghee-required-note-the-recipe-2026-06-03-1222661