बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब बांग्लादेश के लंबे कद वाले तेज गेंदबाज नाहिद राणा और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंग्लिस आपस में भिड़ गए। यह घटना इंग्लिस के आउट होने के ठीक बाद हुई, जब राणा ने उन्हें अपनी गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच कराया।
आउट होते ही भड़की चिंगारी
मैच की दूसरी पारी के दौरान 6 फुट 5 इंच लंबे गेंदबाज नाहिद राणा और जोश इंग्लिस के बीच तीखी कहासुनी हो गई। इंग्लिस को पवेलियन भेजने के बाद राणा की उनसे जुबानी जंग शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के करीब आने लगे।
कप्तान और अंपायर ने संभाला माहौल
स्थिति बिगड़ती देख बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बीच-बचाव किया और दोनों को आगे बढ़ने से रोक दिया। तनाव बढ़ता देख अंपायर भी मौके पर पहुंचते नजर आए। इंग्लिस और राणा के बीच इस नोंकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
11वें ओवर में मिली बड़ी कामयाबी
यह पूरा घटनाक्रम ऑस्ट्रेलियाई पारी के 11वें ओवर का है। नाहिद राणा गेंदबाजी कर रहे थे और ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने अपनी रफ्तार और शानदार उछाल से इंग्लिस को छका दिया। गेंद बल्ले का किनारा लेती हुई सीधे विकेटकीपर लिटन दास के दस्तानों में समा गई। उस समय 19 रन पर खेल रहे जोश इंग्लिस का विकेट बांग्लादेश के लिए बड़ी सफलता साबित हुआ।
https://hindi.news18.com/cricket/nahid-rana-heated-exchange-with-josh-inglis-after-australia-captain-got-out-watch-video-australia-vs-bangladesh-1st-odi-10554167.html