ऐपल ने WWDC 2026 में iOS 27 का ऐलान करने के साथ ही इसका पहला डेवलपर बीटा भी जारी कर दिया है। यह नया अपडेट कई नए AI फीचर्स, बेहतर परफॉर्मेंस और इंटरफेस में बदलाव के साथ आया है। हालांकि इसका फाइनल वर्जन इस साल के आखिर में नए iPhone के साथ आने की उम्मीद है, लेकिन डेवलपर्स और नए फीचर्स को सबसे पहले आजमाने के इच्छुक यूजर्स अभी से iOS 27 बीटा डाउनलोड कर सकते हैं।
कंपनी के मुताबिक iOS 27 में ऐप्स पहले की तुलना में ज्यादा तेजी से खुलेंगे, Photos ऐप में तस्वीरें जल्दी लोड होंगी और AirDrop की स्पीड भी बेहतर होगी। इसके साथ ही नया Siri AI और ऐपल Intelligence फीचर्स को इस अपडेट की सबसे बड़ी खासियत माना जा रहा है।
iOS 27 डेवलपर बीटा कैसे डाउनलोड करें?
अगर आप iOS 27 बीटा इंस्टॉल करना चाहते हैं, तो सबसे पहले ऐपल Developer Program में रजिस्टर होना जरूरी है। इसके बाद अपने iPhone में वही ऐपल ID लॉगिन रखें जिससे आपने रजिस्टर किया है। डाउनलोड करने के लिए नीचे दिए स्टेप्स फॉलो करें:
- beta.ऐपल.com पर जाएं।
- अपनी ऐपल ID से साइन इन करें।
- नियम और शर्तें स्वीकार करें।
- iPhone में Settings खोलें।
- General में जाकर Software Update पर टैप करें।
- Beta Updates विकल्प चुनें।
- iOS 27 Developer Beta सेलेक्ट करें।
- वापस Software Update स्क्रीन पर जाकर अपडेट डाउनलोड करें।
अपडेट शुरू करने से पहले अपने iPhone को Wi-Fi से कनेक्ट रखें और सुनिश्चित करें कि बैटरी पर्याप्त रूप से चार्ज हो।
किन iPhone मॉडल्स को मिलेगा iOS 27?
ऐपल के अनुसार iOS 27, iPhone 11 सीरीज और उसके बाद के कई मॉडल्स के लिए उपलब्ध होगा। इसमें iPhone 11, iPhone 12 सीरीज, iPhone 13 सीरीज, iPhone 14 सीरीज, iPhone 15 सीरीज, iPhone 16 सीरीज, iPhone 17 सीरीज और iPhone SE (दूसरी पीढ़ी और नए मॉडल) शामिल हैं।
इंस्टॉल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
डेवलपर बीटा आम यूजर्स के लिए नहीं, बल्कि टेस्टिंग के मकसद से जारी किया जाता है। यही वजह है कि इसमें बग्स, ऐप क्रैश और बैटरी जल्दी खत्म होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। अगर आप अपने iPhone का इस्तेमाल रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए करते हैं, तो पब्लिक बीटा या फाइनल अपडेट का इंतजार करना बेहतर रहेगा।
इसके अलावा अपडेट इंस्टॉल करने से पहले iCloud या कंप्यूटर पर अपने जरूरी डेटा का बैकअप जरूर बना लें। आने वाले महीनों में ऐपल कई और बीटा अपडेट जारी करेगा, जिनमें बग्स ठीक किए जाएंगे और नए सुधार जोड़े जाएंगे। ऐसे में उम्मीद है कि iOS 27 का फाइनल वर्जन अभी की तुलना में कहीं ज्यादा स्थिर और बेहतर होगा।
https://hindi.news18.com/news/tech/accessories-how-to-download-ios-27-developer-beta-supported-iphones-and-installation-guide-see-steps-10553563.html