बिना आटा गूंथे और बिना भाप दिए मिनटों में तैयार करें यह वायरल मोमोज़, जानें आसान तरीका

मैदे और भाप के झंझट के बिना घर पर ही सब्जियों और पनीर की स्टफिंग से बनने वाली यह वायरल मोमोज़ रेसिपी कुछ ही मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है। जानें इसे बनाने की पूरी विधि।

मोमोज़ का स्वाद तो लगभग सभी को भाता है, लेकिन बाहर मिलने वाले मैदे से बने मोमोज़ खाने से कई लोग कतराते हैं। ऐसे में आप इन्हें अपने घर पर ही आसानी से बना सकते हैं। खास बात यह है कि इस रेसिपी में न तो आटा गूंथने की ज़रूरत है और न ही इसे भाप में पकाने की। आजकल सोशल मीडिया पर बिना आटे वाली यह मोमोज़ रेसिपी खूब चर्चा में है। इसका स्वाद बेहद लाजवाब होता है और यह कुछ ही मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

ज़रूरी सामग्री

  • एक कप पत्तागोभी
  • एक कप गाजर
  • एक कप शिमला मिर्च
  • एक कप पनीर
  • सात से आठ लहसुन
  • अदरक का टुकड़ा
  • एक प्याज
  • एक चम्मच शेजवान सॉस
  • एक चम्मच सोया सॉस
  • एक चम्मच चिली सॉस
  • दो चम्मच टोमैटो केचअप
  • नमक स्वाद अनुसार
  • एक चम्मच तेल

बनाने की विधि

पहला स्टेप

सबसे पहले एक कप पत्तागोभी, एक कप गाजर और एक कप शिमला मिर्च को बारीक काट लें। काटने के बाद इन्हें चॉपर की मदद से अच्छी तरह चॉप कर लें ताकि ये एकदम बारीक हो जाएं।

दूसरा स्टेप

अब गैस जलाकर उस पर एक पैन रखें। पैन गर्म होने पर इसमें तेल डालें और फिर कुटी हुई लहसुन व अदरक डाल दें। जब ये हल्के सुनहरे हो जाएं, तब इसमें बारीक कटा प्याज मिलाकर भूनें।

तीसरा स्टेप

प्याज के सुनहरा होने पर इसमें पत्तागोभी, गाजर और शिमला मिर्च एक साथ डालें और मीडियम आंच पर इन्हें पांच से दस मिनट तक भूनें। दस मिनट बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर मिला दें।

चौथा स्टेप

अब इस सब्जियों के मिश्रण में एक चम्मच सोया सॉस, एक चम्मच चिली सॉस, शेजवान सॉस, दो चम्मच टोमैटो केचअप और स्वादानुसार नमक डालकर सब कुछ अच्छी तरह मिला लें और गैस बंद कर दें।

पांचवां स्टेप

जब यह स्टफिंग ठंडी हो जाए, तो इसके छोटे-छोटे बॉल्स बना लें। इसके बाद हर बॉल को गेंहूं के आटे में कोट करें और फिर पानी में डुबोएं। इस प्रक्रिया को तीन बार दोहराएं।

छठा स्टेप

सभी बॉल्स कोट होने के बाद आखिर में गैस जलाकर गर्म पानी में इन बॉल्स को दो से तीन मिनट तक रखें और फिर बाहर निकाल लें। आपके मोमोज़ तैयार हैं। इन्हें चटनी के साथ गरमागरम परोसें।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/make-viral-momos-without-kneading-dough-or-steaming-know-the-recipe-2026-06-09-1223921