गर्मी का मौसम आते ही फल और सब्जियां तेजी से मुरझाने लगती हैं। नींबू की बात करें तो ये फ्रिज में रखने के बाद भी जल्दी सूख जाते हैं, जिससे इनका रस सूखकर खत्म हो जाता है। इसी मौसम में नींबू के दाम भी काफी बढ़ जाते हैं। ऐसे में अगर सही तरीके अपनाए जाएं तो नींबू को महीनों तक संभालकर रखा जा सकता है और लंबे समय बाद भी ये उतने ही ताजे और रसीले बने रहते हैं।
नींबू को सूखने से बचाने के आसान तरीके
पानी में डुबोकर रखें: अगर आप नींबू को कई दिनों तक रसीला और ताजा रखना चाहते हैं तो इन्हें सीधे फ्रिज में रखने के बजाय एक गिलास या बड़े बर्तन में पानी भरकर उसमें डुबो दें। पानी में रहने से नींबू सूखते नहीं हैं। बस ध्यान रहे कि हर तीन से चार दिन में पानी बदलते रहें।
तेल की परत लगाएं: नींबू को दस से पंद्रह दिन तक जूसी और फ्रेश रखने के लिए हर नींबू पर तेल की हल्की परत लगा दें। तेल लगाने से नींबू के रोमछिद्र बंद हो जाते हैं और नमी बाहर नहीं निकल पाती। इसके बाद नींबू को एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में रख दें, इससे ये सूखेंगे नहीं।
ज्यादा रस पाने के लिए यह करें: अगर आप चाहते हैं कि नींबू से अधिक रस निकले तो काटने से पहले उसे किचन प्लेटफॉर्म पर हथेली से अच्छी तरह दबाकर रगड़ें और फिर काटें। ऐसा करने से नींबू से ज्यादा रस निकलता है।
आइस ट्रे में रस स्टोर करें: चाहें तो नींबू का रस भी स्टोर किया जा सकता है। सभी नींबू का रस निकालकर आइस ट्रे में भर लें और जब जरूरत हो तब इस्तेमाल करें। इस तरह जमाए गए रस को आप एक महीने तक काम में ले सकते हैं।
इन बातों का भी रखें ध्यान
नींबू को कभी भी प्याज, टमाटर और केले के पास न रखें। अगर इन्हें पकने वाले फलों या सब्जियों के पास रखा जाए तो नींबू जल्दी खराब हो सकते हैं। दरअसल, पकने वाले फल और सब्जियां कुछ ऐसी गैस छोड़ते हैं जो नींबू को खराब कर देती हैं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/features/if-lemons-are-drying-in-fridge-follow-these-tips-to-make-them-juicy-and-fresh-for-months-even-in-the-heat-2026-06-09-1223934