फीफा वर्ल्ड कप 2026 के साथ अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल एक नए दौर में कदम रखने जा रहा है। इस बार पहली बार किसी फुटबॉल वर्ल्ड कप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जो टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इसकी मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको संयुक्त रूप से करेंगे। यह महाआयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक चलेगा और इस दौरान 16 अलग-अलग शहरों में रिकॉर्ड 104 मैच खेले जाएंगे। बड़े फॉर्मेट की वजह से फैंस को ज्यादा टीमें, ज्यादा मुकाबले और एक लंबा नॉकआउट चरण देखने को मिलेगा, और यही वजह है कि इसे फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप कहा जा रहा है।
ग्रुप स्टेज में हर टीम खेलेगी तीन-तीन मैच
टूर्नामेंट में शामिल 48 टीमों को 4-4 के हिसाब से कुल 12 ग्रुप्स में बांटा गया है। हर टीम ग्रुप स्टेज में तीन मुकाबले खेलेगी, जिसके बाद प्रत्येक ग्रुप की टॉप दो टीमें सीधे नॉकआउट दौर में जगह बना लेंगी। इसके साथ ही तीसरे स्थान पर रहने वाली 8 सर्वश्रेष्ठ टीमों को भी आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा। इस तरह नॉकआउट स्टेज में कुल 32 टीमें पहुंचेंगी। राउंड ऑफ 32 (Round of 32) की इस नई शुरुआत के चलते अब फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को सात के बजाय आठ मैच खेलने होंगे।
भारत में किस समय शुरू होंगे फीफा वर्ल्ड कप के मुकाबले?
इस टूर्नामेंट की शुरुआत 11 जून (भारतीय समयानुसार 12 जून) को होगी, जब मेजबान मैक्सिको का सामना मैक्सिको सिटी के ऐतिहासिक 'एस्टाडियो एज्टेका' स्टेडियम में साउथ अफ्रीका से होगा। वहीं, इस वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यूयॉर्क न्यू जर्सी के 'मेटलाइफ स्टेडियम' में खेला जाएगा, जहां दुनिया को इस सबसे बड़े फुटबॉल वर्ल्ड कप का नया चैंपियन मिलेगा।
भारतीय फुटबॉल प्रेमियों को इन मुकाबलों का लुत्फ उठाने के लिए देर रात तक जागना पड़ेगा। भारत और मेजबान देशों के टाइम जोन में काफी अंतर होने की वजह से अधिकांश मैच देर रात और सुबह के समय खेले जाएंगे। ज्यादातर मुकाबले भारतीय समयानुसार चार तय स्लॉट्स में शुरू होंगे। भारत में अधिकांश मैच रात 12:30 बजे, रात 3:30 बजे और सुबह 6:30 बजे शुरू होंगे, जबकि कुछ चुनिंदा मुकाबले सुबह 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार) से खेले जाएंगे। मैक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाला टूर्नामेंट का पहला मैच 12 जून को भारतीय समयानुसार रात करीब 12:30 बजे शुरू होगा। बता दें कि भारतीय फुटबॉल टीम इस वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी है, इसलिए इस बार भारत की टीम मैदान पर नजर नहीं आएगी।
https://www.indiatv.in/sports/other-sports/fifa-world-cup-2026-format-groups-full-schedule-india-match-timings-and-everything-you-need-to-know-2026-06-09-1223977