इमरान हाशमी की इस वेब सीरीज का 6 महीने से नहीं टूटा जलवा, 7 एपिसोड में ठूंस-ठूंस कर भरा है सस्पेंस

इमरान हाशमी की क्राइम-थ्रिलर सीरीज 'तस्करी' पिछले छह महीनों से नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग लिस्ट में बनी हुई है। 7 एपिसोड की यह सीरीज सस्पेंस और रोमांच से भरपूर है और IMDb पर इसे 7.1 की रेटिंग मिली है।

ओटीटी की दुनिया में हर हफ्ते कई नए शो और फिल्में दस्तक देती रहती हैं। तरह-तरह की भाषाओं और जॉनर का कंटेंट लगातार रिलीज होता है, मगर इनमें से कुछ ही दर्शकों के दिल पर गहरी छाप छोड़ पाते हैं, जबकि बाकी जल्दी ही भुला दिए जाते हैं। ऐसी गिनी-चुनी कहानियां ही होती हैं जो महीनों तक लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहती हैं और दर्शक उन्हें बार-बार देखना चाहते हैं। ऐसी ही एक सीरीज है जो बीते 6 महीने से ट्रेंडिंग लिस्ट में अपनी पकड़ बनाए हुए है और घूम-फिरकर नेटफ्लिक्स के टॉप 10 में जगह बना ही लेती है। यह सीरीज है इमरान हाशमी की 'तस्करी', जो सस्पेंस और थ्रिलर का बेहतरीन संगम है। इसकी कहानी आपको आखिरी एपिसोड तक स्क्रीन से चिपकाए रखती है।

क्या है इस वेब सीरीज की कहानी

'तस्करी: द स्मगलर्स वेब' का नाम सुनते ही अंदाजा लग जाता है कि कहानी किस ओर बढ़ेगी। इसमें इमरान हाशमी एक कस्टम अफसर की भूमिका में नजर आते हैं, जो सस्पेंशन के बाद दोबारा पोस्टिंग पाता है और उसका मकसद विदेशी तस्करी पर लगाम कसना है। यह काम आसान नहीं होता और इस मुहिम में दो और अफसर उसका साथ देते हैं, जिनमें से एक की जान भी चली जाती है। कहानी रफ्तार पकड़ती जाती है और हर मोड़ पर सस्पेंस और गहरा होता जाता है। अंतरराष्ट्रीय तस्करी के एक बड़े रैकेट को बेनकाब करने के लिए चूहे-बिल्ली का रोमांचक खेल देखने को मिलता है। सीरीज में आप ऐसी चीजों की तस्करी होते देखेंगे जिनके बारे में सोचकर हैरानी होगी।

सीरीज की स्टारकास्ट

इस वेब सीरीज में दमदार कलाकारों की फौज मौजूद है। इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में हैं और उन्होंने कस्टम अफसर अर्जुन मीणा का संजीदा किरदार निभाया है। उनके अलावा टीवी शो 'उतरन' से मशहूर हुए नंदिश सांधू भी अहम रोल में हैं। शरद केलकर और अनुराग सिन्हा मुख्य विलेन की भूमिका में नजर आते हैं। माजील खान, जोया अफरोज, अमृता खानविलकर और फ्रेडी दारूवाला भी अहम किरदारों में हैं। 7 एपिसोड की इस सीरीज में हर कलाकार का अभिनय दर्शकों का दिल जीत लेता है।

IMDb पर मिली शानदार रेटिंग

क्राइम-थ्रिलर जॉनर की यह वेब सीरीज 14 जनवरी 2026 को रिलीज हुई थी। IMDb पर इसे 7.1 की रेटिंग मिली है। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है और लगातार 6 महीने से ट्रेंडिंग में टिके रहना ही इसकी लोकप्रियता का सबूत है। अगर आप इमरान हाशमी का नया अंदाज, टशन और एक दमदार कहानी में उनकी जबरदस्त भूमिका देखना चाहते हैं तो इसे अपनी वॉच लिस्ट में जरूर शामिल करें। बेहतरीन थ्रिलर पसंद करने वालों के लिए यह किसी ट्रीट से कम नहीं है।

https://www.indiatv.in/entertainment/ott/emraan-hashmi-web-series-taskaree-rulling-for-six-month-seven-episodes-crime-thriller-series-is-full-of-suspense-2026-06-09-1223960