शाम की चाय के साथ बनाएं हेल्दी और टेस्टी स्टफ्ड मूंग दाल चीला, जानें आसान रेसिपी

गर्मियों में हल्के और सेहतमंद नाश्ते की तलाश है तो स्टफ्ड मूंग दाल चीला एक बेहतरीन विकल्प है। यहां जानें इसे घर पर बनाने का आसान तरीका।

गर्मी के मौसम में चाहे सुबह का नाश्ता हो या शाम का स्नैक, खाना हमेशा हल्का ही रखना बेहतर माना जाता है, क्योंकि इस मौसम में पेट से जुड़ी दिक्कतें आसानी से बढ़ जाती हैं। शाम की चाय के समय अक्सर कुछ चटपटा खाने का मन करता है, लेकिन आजकल लोग अपनी सेहत को लेकर भी काफी सजग हो गए हैं और घर पर ही हेल्दी तथा स्वादिष्ट चीज़ें बनाना पसंद करते हैं। अगर आप भी शाम के नाश्ते में ऐसा ही कुछ ढूंढ रहे हैं तो स्टफ्ड मूंग दाल चीला आपके लिए शानदार रहेगा। आइए जानते हैं इसे बनाने का सरल तरीका।

चीला बैटर के लिए सामग्री

  • 1 कप मूंग दाल (1 घंटे भिगोई हुई)
  • 1 इंच अदरक
  • 1 हरी मिर्च
  • 1/2 छोटा चम्मच जीरा
  • जरूरत अनुसार पानी
  • एक चुटकी हींग
  • स्वादानुसार नमक
  • 1/4 छोटा चम्मच हल्दी

स्टफिंग के लिए सामग्री

  • 1 छोटी गाजर (कद्दूकस की हुई)
  • 1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
  • 1 छोटी शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
  • 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
  • थोड़ा सा अदरक (बारीक कटा हुआ)
  • 2 बड़े चम्मच धनिया पत्ती
  • 1/2 कप पनीर (कद्दूकस किया हुआ, ऑप्शनल)
  • स्वादानुसार नमक
  • काली मिर्च पाउडर
  • 1-2 छोटे चम्मच घी

बनाने की विधि

  • सबसे पहले मूंग दाल को भिगोकर रख दें। इसके बाद इसमें अदरक, हरी मिर्च, जीरा और थोड़ा-सा पानी डालकर एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। तैयार बैटर को एक बाउल में निकालें और फिर इसमें स्वादानुसार नमक, हींग तथा थोड़ा-सा हल्दी पाउडर मिला लें।
  • अब स्टफिंग बनाने की बारी है। इसके लिए एक बाउल में बारीक कटी शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च, धनिया और पनीर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। फिर इसमें थोड़ा नमक और काली मिर्च पाउडर मिला दें।
  • इसके बाद एक भारी तले वाला तवा गैस पर रखकर अच्छी तरह गर्म करें। तवा गर्म हो जाने पर इस पर चीले का बैटर डालें और किसी कटोरी की मदद से इसे गोल आकार में फैला दें।
  • चीले को दोनों तरफ से अच्छी तरह सेकें। इसके बाद इसमें तैयार की हुई स्टफिंग डालें और इसे 2 मिनट और सेक लें। अब इसे चटनी और सॉस के साथ गरमागरम परोसें।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/make-stuffed-moong-dal-cheela-quickly-for-evening-snack-note-the-recipe-from-here-2026-06-09-1223961