अडाणी ग्रुप की पावर ट्रांसमिशन कंपनी अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने स्मार्ट मीटर बनाने वाली कंपनी इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को खरीदने का फैसला किया है। इसके लिए कंपनी ने इंटेलिस्मार्ट में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के मकसद से शेयर खरीद समझौता किया है। यह पूरा सौदा 3050 करोड़ रुपये में होगा। बता दें कि स्मार्ट मीटर क्षेत्र की अग्रणी कंपनी इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर, नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड (NIIF) और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (EESL) का संयुक्त उद्यम है।
देश की सबसे बड़ी स्मार्ट मीटर कंपनी बनने की ओर अडाणी एनर्जी
अडाणी एनर्जी ने मंगलवार को जारी एक बयान में बताया कि उसने इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर में 100 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक पक्का समझौता किया है। प्रस्तावित इस अधिग्रहण से कंपनी की स्थिति और मजबूत होगी तथा 4.7 करोड़ से ज्यादा स्मार्ट मीटर के साथ यह देश की सबसे बड़ी स्मार्ट मीटर कंपनी बन जाएगी। बयान के मुताबिक, 3050 करोड़ रुपये के इस प्रस्तावित सौदे में इंटेलिस्मार्ट की 100 प्रतिशत इक्विटी शेयर पूंजी का अधिग्रहण और NIIF के पास मौजूद इंटेलिस्मार्ट के वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचर का भुगतान शामिल है।
रेगुलेटरी मंजूरी के बाद ही पूरा होगा सौदा
यह सौदा रेगुलेटरी और अन्य जरूरी मंजूरियों पर निर्भर करता है। इंटेलिस्मार्ट अब तक उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और असम में कुल मिलाकर 2.2 करोड़ से ज्यादा स्मार्ट मीटर लगा चुकी है। तेजी से बढ़ रहे उपभोक्ता बाजार में कंपनी की यह मौजूदगी भविष्य में विस्तार के लिए एक ठोस आधार तैयार करती है। अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के सीईओ कंदर्प पटेल ने बयान में कहा, ''इंटेलिस्मार्ट के अधिग्रहण से हमारा दायरा और काम करने की क्षमता दोनों बढ़ेंगे। इससे हम टेक्नोलॉजी आधारित समाधानों के जरिए भारत के पावर डिस्ट्रिब्यूशन के आधुनिकीकरण में मदद कर सकेंगे।''
अहम सौदे का हिस्सा बनने पर इंटेलिस्मार्ट को गर्व
अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड के अनुसार, इस अधिग्रहण से बड़े पैमाने पर कामकाज का लाभ मिलेगा, ऑपरेशन और मेनटेनेंस की लागत बेहतर होगी और कंपनी के व्यापक ऊर्जा एवं बुनियादी ढांचा मंच के साथ एकीकरण से फायदे हासिल होंगे। इंटेलिस्मार्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ अनिल रावल ने इस सौदे पर कहा, ''हमें इस अहम सौदे का हिस्सा बनने पर गर्व है। कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए मूल्य सृजित किया है।''
https://www.indiatv.in/paisa/business/adani-energy-set-to-acquire-smart-meter-manufacturing-company-find-out-the-deal-value-2026-06-09-1223979