महिला टी20 वर्ल्ड कप की सबसे कामयाब टीमें: जानें किन-किन को मिली है ट्रॉफी

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होगी। टूर्नामेंट के अब तक खेले गए 9 संस्करणों में सिर्फ 4 टीमें ही चैंपियन बन पाई हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया का दबदबा सबसे ज्यादा रहा है।

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट का पहला मुकाबला इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाएगा। दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमी इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अब तक इस टूर्नामेंट के 9 संस्करण खेले जा चुके हैं, मगर इनमें सिर्फ 4 टीमें ही ट्रॉफी पर कब्जा जमा पाई हैं। आइए जानते हैं कि किस संस्करण में कौन सी टीम विजेता बनी और किसने सबसे ज्यादा बार यह खिताब अपने नाम किया।

पहले संस्करण की विजेता रही इंग्लैंड

साल 2009 में पहला महिला टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड की मेजबानी में खेला गया था और इस खिताब को मेजबान इंग्लैंड की टीम ने ही जीता था। तब से लेकर 2024/25 में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक जीत तक इस सफर में कई यादगार और रोमांचक पल देखने को मिले हैं। दूसरे संस्करण से ऑस्ट्रेलिया ने महिला क्रिकेट में अपनी धाक जमानी शुरू कर दी। 2010 में वेस्टइंडीज की मेजबानी में हुए टूर्नामेंट को ऑस्ट्रेलिया ने जीता। इसके बाद 2012-13 में श्रीलंका में भी उसने खिताब अपने नाम कर दूसरी बार ट्रॉफी हासिल की। 2013-14 में बांग्लादेश में खेले गए टूर्नामेंट में भी ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की और अपने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया।

2016 में वेस्टइंडीज महिला टीम बनी चैंपियन

इस टूर्नामेंट के इतिहास में कई टीमों ने शानदार खेल दिखाया है। वेस्टइंडीज की महिला टीम ने 2016 में भारत में हुए टूर्नामेंट को जीतकर पहली बार यह खिताब अपने नाम किया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया का दबदबा रहा, जिसने लगातार तीन बार खिताब जीतकर अपनी ताकत साबित की— 2018 में वेस्टइंडीज में, 2020 में अपनी घरेलू धरती पर और 2023 में साउथ अफ्रीका में। वहीं 2024 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले गए वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने सभी को चौंकाते हुए पहली बार यह ट्रॉफी जीती और नया इतिहास रच दिया।

ऑस्ट्रेलिया का रहा है सबसे बड़ा दबदबा

कुल मिलाकर देखें तो ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज्यादा 6 बार महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है, जबकि भारतीय टीम अब तक एक बार भी यह ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। हालांकि इस बार जिस लय में भारतीय टीम खेल रही है, उसे देखते हुए लगता है कि वह सालों का सूखा खत्म कर सकती है। हाल ही में हुए वनडे वर्ल्ड कप में भी भारत ने खिताब जीतकर इतिहास रचा था, और इस बार भी प्रशंसकों को कुछ ऐसी ही उम्मीद रहेगी। अब देखना यह होगा कि इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है।

https://www.indiatv.in/sports/cricket/most-successful-teams-in-the-history-of-the-womens-t20-world-cup-only-4-teams-has-managed-to-win-trophy-2026-06-09-1223985