मध्य प्रदेश में राज्यसभा की रिक्त सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल चरम पर पहुंच गई है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपनी-अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। विधानसभा में संख्याबल के लिहाज से सत्तारूढ़ दल को बढ़त हासिल दिख रही है। बीजेपी जहां दो सीटें आसानी से जीतती नजर आ रही है, वहीं तीसरी सीट पर उम्मीदवार उतारकर उसने पूरे मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
तीसरी सीट पर उलझा पेच
राज्यसभा चुनाव को लेकर राज्य में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिल रहा है। बीजेपी ने मीनाक्षी नटराजन के मुकाबले महेश केवट को मैदान में उतारकर समीकरण रोचक कर दिए हैं। कांग्रेस के पास नटराजन को राज्यसभा भेजने के लिए पर्याप्त संख्याबल मौजूद है, लेकिन पार्टी को क्रॉस वोटिंग का डर भी सता रहा है। इसी आशंका के चलते कांग्रेस ने अपने विधायकों को कर्नाटक के एक होटल में शिफ्ट कर दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि उसके विधायकों को खरीदने की कोशिश की जा रही है। इसी बीच पार्टी विधायक विवेक पटेल का बयान सामने आया है।
विवेक पटेल बोले- मैं बिकने वाला नहीं
बालाघाट–वारासिवनी क्षेत्र के कांग्रेस विधायक विवेक पटेल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें 05 करोड़ से 10 करोड़ रुपये तक का ऑफर दिया जा रहा है, लेकिन उनके पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया।
हमारी जरूरतें कम हैं, इसलिए हमारे जमीर में दम है। मैं बिकने वाला नहीं हूं और न ही मुझे कोई कॉल आया, क्योंकि उन्हें पता है कि मैं बिक नहीं सकता। आज मैं और कमलनाथ जी अपने-अपने क्षेत्र में हैं और हमारी पार्टी को हम पर पूरा भरोसा है।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
विधायक पटेल ने सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को कोई खरीद नहीं सकता और आलाकमान जो आदेश देगा, उसी का पालन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से लोकतंत्र की हत्या हो रही है और बहुमत वाली सरकारों को गिराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में तीसरा नामांकन भरकर सबको प्रलोभन दिया जा रहा है। जमीर की बात कहकर पटेल ने अपनी ही पार्टी के विधायकों को भी आईना दिखाने की कोशिश की।
18 जून को होगा मतदान
मध्य प्रदेश में जून महीने में राज्यसभा की 3 सीटों पर चुनाव होना है। इनमें से दो सीटें बीजेपी आसानी से जीत सकती है, जबकि कांग्रेस के खाते में एक सीट जाती दिख रही है। हालांकि, तीसरी सीट पर बीजेपी ने उम्मीदवार की घोषणा कर मुकाबला बढ़ा दिया है। पार्टी ने एमपी से राज्यसभा के लिए तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है, वहीं कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन पर भरोसा जताया है। राज्यसभा के लिए मतदान 18 जून को होना है।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/bhopal-congress-mla-vivek-patel-major-statement-rajya-sabha-elections-target-on-bjp-local18-10554151.html