उन्नाव जिले की बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां मोहल्ला घूरे टोला में मंदिर का निर्माण करवा रहे 70 वर्षीय संत मिलन दास को अज्ञात हमलावरों ने चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। संत की हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई। तनावपूर्ण हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।
मोहल्ले में बनवा रहे थे मंदिर
बांगरमऊ कोतवाली के घूरे टोला निवासी संत मिलन दास अपने मोहल्ले में एक मंदिर का निर्माण करवा रहे थे। बताया जा रहा है कि मंदिर से करीब 200 मीटर की दूरी पर अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। संत की पीठ पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस संत को घायल अवस्था में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लाउडस्पीकर को लेकर विवाद की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार संत राम मिलन बाबा घूरे टोला मोहल्ले में मंदिर बनवा रहे थे, जो एक मुस्लिम बहुल इलाका है। रोजाना पूजा-अर्चना के दौरान लाउडस्पीकर बजाने को लेकर आस-पास के कुछ लोग पहले भी कई बार आपत्ति जता चुके थे।
एक महिला के मुताबिक, आज कुछ लोग संत को बुलाकर ले गए और साउंड बजाने पर ऐतराज जताया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि विवाद के बीच एक युवक ने संत मिलन दास पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। कुछ देर बाद मंदिर पहुंचे लोगों ने संत को घायल हालत में देखा और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए सभी बिंदुओं को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। वारदात के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/unknown-man-killed-saint-who-build-temple-in-unnao-2026-06-09-1223975