शादी के 52 साल बाद पति ने मांगा तलाक, बुजुर्ग पत्नी ने रो-रोकर सुनाई दर्दभरी दास्तां

आगरा में 52 साल पुरानी शादी के बाद एक बुजुर्ग महिला ने अपने पति पर तलाक देने और दूसरी महिला से संबंध रखने का आरोप लगाते हुए राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 52 वर्ष पहले विवाह के बंधन में बंधे एक बुजुर्ग दंपती का रिश्ता अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गया है कि मामला राज्य महिला आयोग तक जा पहुंचा। एक बुजुर्ग महिला ने अपने ही पति पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा है कि पांच दशक से अधिक समय तक साथ रहने के बाद अब उसका पति उसे तलाक देकर किसी दूसरी महिला से विवाह करना चाहता है।

52 साल बाद रिश्ते में दरार

पीड़ित महिला मंगलवार को आगरा स्थित सर्किट हाउस पहुंची, जहां उसने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। महिला का कहना है कि उसका पति लंबे समय से उसके साथ क्लेश करता आ रहा है और अब 52 साल की शादी के बाद उसे तलाक देने की बात कर रहा है।

महिला के मुताबिक उसके पति का इंदौर निवासी एक महिला के साथ साल 2009 से संबंध है और वह अब उसी के साथ अपना शेष जीवन बिताने की तैयारी में जुटा हुआ है। पीड़िता का आरोप है कि इसी रिश्ते के चलते उसे घर से बेदखल कर दिया गया।

पत्नी के गंभीर आरोप

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने उनके संयुक्त बैंक खाते का एटीएम कार्ड कथित तौर पर दूसरी महिला को सौंप रखा है। इतना ही नहीं, पति की ओर से उस महिला के खाते में पैसे भी भेजे जाने का आरोप लगाया गया है।

पीड़िता के अनुसार साल 2013 में पति ने उसे घर से निकाल दिया था, जिसके बाद से वह दर-दर भटकने को मजबूर है और न्याय पाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।

पति को किया तलब

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान ने आरोपी पति को तलब किया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों का पक्ष सुनने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि 52 साल पुराने रिश्ते में आई इस दरार ने हर किसी को हैरान कर दिया है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/agra-after-52-years-of-marriage-wife-accuses-husband-of-divorcing-her-illicit-relationship-with-a-woman-local18-10554030.html