पाली जिले के जवाई और इसके आसपास बसे ग्रामीण इलाकों में बीते कई दिनों से सुनाई दे रही रहस्यमयी धमाकों की आवाजें स्थानीय लोगों के लिए दहशत का सबब बन गई हैं। लगातार गूंज रही इन तेज आवाजों ने पूरे क्षेत्र में भय और बेचैनी का माहौल पैदा कर दिया है।
इतने तेज धमाके कि हिल जाती है जमीन
ग्रामीणों का कहना है कि धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा होती है कि जमीन तक हिलती महसूस होती है। घरों की दीवारों, खिड़कियों और दरवाजों में साफ कंपन महसूस किया जा रहा है, जिससे लोग सहमे हुए हैं।
हमला या बड़ा परीक्षण? लोगों में तरह-तरह की आशंकाएं
कई लोगों को आशंका है कि कहीं कोई बड़ा विस्फोट हुआ है या फिर सैन्य स्तर का कोई परीक्षण किया जा रहा है। आवाजों की प्रकृति और तीव्रता को देखते हुए ग्रामीणों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
जांच में नहीं मिले ब्लास्टिंग के सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और वन विभाग ने क्षेत्र की वैध और अवैध खदानों की जांच की। हालांकि कहीं भी ब्लास्टिंग के कोई सबूत नहीं मिले। ऐसे में इन धमाकों की आवाजों का असली स्रोत अब भी एक पहेली बना हुआ है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/pali-mysterious-explosion-sounds-in-pali-jawai-villages-fear-among-locals-local18-ws-l-10553640.html