उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र में हत्या की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। पिपराघाट देव नारायण टोला में एक पिता ने अपने बेटों के साथ मिलकर अपनी ही दो सगी बेटियों को डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। दोनों बेटियों का कसूर बस इतना था कि वे गांव के दो अलग-अलग युवकों से प्रेम करती थीं। खास बात यह कि दोनों युवक भी उन्हीं की जाति के थे, फिर भी परिवार का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया, जबकि पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रेम संबंध से नाराज था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, पिपराघाट देव नारायण टोला निवासी रामप्रसाद सहनी की दो बेटियों- 20 वर्षीय लाली और 18 वर्षीय शीला का गांव के ही दो युवकों से प्रेम संबंध चल रहा था। कुछ समय पहले दोनों बहनें अपने प्रेमियों के साथ घर से भाग गई थीं। इसके बाद पिता रामप्रसाद ने सेवरही थाने में दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तलाश कर दोनों युवतियों को अलग-अलग शहरों से बरामद किया और उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया था।
फोन पर बातचीत से भड़का गुस्सा
बताया जा रहा है कि रामप्रसाद की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था और उसने अकेले ही बेहद मुश्किलों से अपने बच्चों का पालन-पोषण किया था। बेटियों के घर लौटने के बाद पिता को उम्मीद थी कि अब वे संभल जाएंगी। उसने उन पर कई तरह की पाबंदियां भी लगा दी थीं, लेकिन लाली और शीला चोरी-छिपे अपने प्रेमियों से मोबाइल पर बात करती रहीं। इसी बात को लेकर घर में आए दिन कलह होती रहती थी। मंगलवार रात दोनों बहनें एक बार फिर फोन पर बात करते हुए पकड़ी गईं। इससे नाराज होकर पिता और भाइयों ने उनका मोबाइल छीन लिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पिता और भाइयों ने दोनों बहनों की डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। बुरी तरह घायल दोनों बहनों ने दम तोड़ दिया।
भाई गिरफ्तार, पिता की तलाश जारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता रामप्रसाद सहनी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची सेवरही थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तेजी दिखाते हुए पुलिस ने हत्या में शामिल दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
https://www.indiatv.in/crime/kushinagar-double-murder-father-brothers-killed-two-sisters-over-love-affair-2026-06-09-1223941